नई दिल्ली,। कोरोना महामारी के दौरान बदले हालात में अब लोग थानों में शिकायत के लिए नहीं बल्कि ऑक्सीजन गैस की मांग के लिए करने लगे हैं फोन। पुलिस भी जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे बढ़कर उनकी सहायता कर रही है। यहां तक की दिल्ली पुलिस कई थानों में ऑक्सीजन के सिलेंडर को भरवाकर रख रही है ताकि उसे जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाया जा सके। पुलिस अधिकारी बताते हैं कि इन दिनों दिल्ली के थानों में क्राइम का ग्राफ कम हो गया है। अब शिकायतों को लेकर कम ही कॉल थाने में आ रहे हैं। ज्यादातर कॉल में लोग मदद की गुहार लगा रहे होते हैं। मसलन कोई ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध करवाने की बात कर रहा है तो कोई दुकान पर दवा नहीं मिलने, और उसे उपलब्ध करवाने के लिए फोन कर रहा है। राजधानी में बढ़ते कोरोना मरीजों की संख्या के बीच ऑक्सीजन की कमी है। दिल्ली के अस्पतालों के साथ साथ कई लोग घरों में भी अपना इलाज करवा रहे हैं। घरों में रह रहे मरीज भी सांसों की दिक्कत होने पर ऑक्सीजन का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्हें बाजार से ऑक्सीजन सिलिंडर मिलने में काफी परेशानी होती है। ऐसे में लोग पुलिस से मदद मांग रहे हैं। लोगों की परेशानी को दूर करने के लिए दिल्ली के कई थानों की पुलिस अपने थाने में ऑक्सीजन सिलिंडर रखने लगी है। ताकि जरूरत पडऩे पर मरीजों को सिलिंडर आसानी से मुहैया करवायी जा सके। खाली सिलिंडर लेने के बाद उसे दोबारा भरवा दिया जाता है। डाबड़ी थाना प्रभारी सुरेंद्र संधु ने अपने थाने में सिलिंडर रख रहे हैं। उनका कहना है कि महामारी के समय में उनके कर्मचारी को भी इसकी जरूरत पड़ सकती है इसलिए वह ऑक्सीजन सिलिंडर रखते हैं। उनका कहना है कि इलाके से उनके पास एक दिन में करीब पंद्रह सौ कॉल आते हैं। ऐसे ही नजफगढ, छावला, बाबा हरिदास नगर थाना के अलावा अन्य थाने की पुलिस भी ऑक्सीजन सिलिंडर रखकर मानवता का काम कर रही है।
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार मीणा बताते हैं कि अभी थानों में शिकायतें कम आ रही है। ज्यादातर कॉल कोरोना महामारी को लेकर आ रहे हैं और लोग दिल्ली पुलिस से ऑक्सीजन और दवाओं के लिए मदद करने की गुहार लगाते हैं। कॉल आने के बाद उस इलाके के थाना प्रभारी जरूरतमंद लोगों की मदद करते हैं। डॉक्टरों को लोगों के घर तक पहुंचाने की तैयारी में जुटी पुलिस डाबड़ी थाना पुलिस ने कोरोना महामारी के इस विकट दौर में डॉक्टरों को मरीजों के घर तक पहुंचाने की पहल की है। थाना प्रभारी सुरेंद्र संधु ने यह पहल की है। उन्होंने बताया कि उनके पास कई लोगों के फोन आ रहे हैं। लोग कहते हैं कि उनमे कोरोना के लक्षण नहीं हैं। उन्हें सिर्फ बुखार है। ऐसे में डॉक्टर से इलाज करवाना चाहते हैं लेकिन वह अस्पताल नहीं जाना चाहते हैं। ऐसे लोगों के लिए थाना प्रभारी ने रविवार को डाबड़ी थाने में अपने इलाके में स्थित अस्पतालों के डॉक्टरों के साथ बैठक की। जिसमें उन्होंने इस बात से डॉक्टरों को अवगत कराया। साथ ही अपने कर्मचारियों में भी इस तरह के लक्षण के लिए उनके इलाज की बात की। डॉक्टरों ने कहा कि ऐसी कोई जानकारी मिलने के बाद वह पूरी एहतियात बरतकर मरीजों का इलाज कर सकते हैं। डॉक्टरों ने थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों को कोरोना महामारी से बचाव के बारे में भी जानकारी दी।
No comments:
Post a Comment