मेरठ ।एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में 18 अप्रैल से हड़ताल पर चल रहे 183 नर्सिंग स्टाफ को प्राचार्य ने नोटिस जारी कर दिया है। 48 घंटे में ड्यूटी पर नहीं लौटने पर उनकी जगह नई भर्ती करने की चेतावनी दी है। नर्सिंग स्टाफ को पूर्व में 20 हजार रुपये वेतन मिल रहा था। 9 अप्रैल को पुरानी कंपनी से मेडिकल का करार खत्म हो गया। जैम पोर्टल के जरिये जिस नई कंपनी से करार हुआ है, वह 20 हजार की जगह 16,500 रुपये वेतन दे रही है। इसे लेकर 183 नर्सिंग स्टाफ 18 अप्रैल से हड़ताल पर है। उनकी डिमांड है कि पुराना वेतन दिया जाए। मेडिकल प्राचार्य डॉ.ज्ञानेंद्र कुमार ने इस बाबत एक नोटिस हड़ताली नर्सिंग स्टाफ को दिया है। इसमें कहा गया है कि आपदा के दौर में भी पिछले दो सप्ताह से आप ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुए हैं। इससे कोविड वार्ड में भर्ती मरीजों के उपचार में व्यवधान उत्पन्न हुआ है। प्राचार्य ने नर्सिंग स्टाफ से कहा है कि वह 24 घंटे में ड्यूटी ज्वाइन करें, वरना यह समझ लिया जाएगा कि वे काम करने के इच्छुक नहीं हैं और उनकी जगह नई भर्ती कर ली जाएगी। उधर, प्राचार्य के इस नोटिस से नर्सिंग स्टाफ में आक्रोश है। वह सोमवार को डीएम से मिलने की तैयारी में हैं।
No comments:
Post a Comment