मेरठ।बेसिक शिक्षा विभाग ने कक्षा एक से आठ तक के स्कूलों की वार्षिक परीक्षा कराने का आदेश जारी कर दिया है। इनकी वार्षिक परीक्षाओं का आयोजन 25 और 26 मार्च को होगा। होली के अवकाश में शिक्षकों को उत्तरपुस्तिकाओं को मूल्यांकन कर परीक्षाफल तैयार करना होगा। परीक्षाफल की घोषणा 31 मार्च होगी। बेसिक शिक्षा विभाग के अफसरों ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी ध्यानचंद ने अपने ब्लॉक के सभी प्रधानाध्यापकों को परीक्षा समय पर कराने और 31 मार्च को रिजल्ट घोषित करने के आदेश दिए हैं।
कोविड-19 के बाद एक मार्च से परिषदीय प्राइमरी और उच्च प्राइमरी स्कूलों में बच्चे आने शुरू हो गए थे। स्कूली शिक्षा महानिदेशक विजय किरण आनंद ने बेसिक शिक्षा विभाग के अफसरों को वार्षिक परीक्षा कराने के निर्देश दिए हैं, जिसके तहत अधिकारियों को जनपद स्तर पर परीक्षा की समय सारिणी जारी करने, 24 मार्च को प्रश्नपत्रों को मुद्रण कराने, 25 और 26 मार्च को वार्षिक परीक्षा कराने, 27 से 30 मार्च के बीच उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने तथा परीक्षाफल तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसी बीच में होली भी है। इसके बाद शिक्षकों को 31 मार्च को परीक्षाफल जारी करने को कहा गया है। प्रश्नपत्रों की छपाई के लिए भी तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। इसमें जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा एवं मुख्यालय पर तैनात खंड शिक्षा अधिकारी को शामिल किया गया है।

कक्षा एक और दो की होगी मौखिक परीक्षा

मवाना खंड शिक्षा अधिकारी ध्यान चंद ने जानकारी दी कि महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने आदेशानुसार कक्षा एक तथा दो के बच्चों की 30 मिनट की मौखिक परीक्षा होगी। कक्षा तीन से पांच तक प्रत्येक कक्षा के लिए सभी विषयों पर आधारित 50 प्रश्नों का सम्मिलित बहुविकल्पीय प्रश्नपत्र तैयार किया जाएगा और एक घंटे की लिखित परीक्षा कराई जाएगी। कक्षा छह से कक्षा सात तक सभी विषयों पर आधारित 50 प्रश्नों का सम्मिलित अति लघु उत्तरीय प्रश्नपत्र तैयार किया जाएगा और डेढ़ घंटे की लिखित परीक्षा कराई जाएगी। इसी तरह कक्षा आठ में अध्ययनरत छात्रों के लिए सभी विषयों की बहुविकल्पीय एवं अति लघु उत्तरीय प्रश्न के आधार पर प्रश्नपत्र तैयार किया जाएगा एवं आधे-आधे घंटे की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
कक्षा आठ की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा ब्लॉक स्तर पर
शासन से आए परीक्षा के निर्देश में कक्षा तीन से कक्षा सात तक की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन स्कूल स्तर पर किया जाएगा, जबकि कक्षा आठ की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन ब्लॉक संसाधन पर दूसरे विद्यालय के अध्यापकों द्वारा किया जाएगा। खंड शिक्षा अधिकारी ध्यान चंद बताते है कि बेसिक स्कूलों की परीक्षा कराने के निर्देश शासन से आए हैं। इसके तहत वार्षिक परीक्षा कराई जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts