मेरठ ।माधवपुरम में एक बार फिर कार सवार बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए अंधाधुंध कई राउंड फायरिंग कर दी। लोगों और पुलिस ने जब पीछा किया तो बदमाशों ने कार से उतरकर आम जनता पर कई राउंड फायरिंग की। मौके पर भगदड़ मच गई। खुद को घिरता देख बदमाश लिसाड़ी रोड चूने वाली गली में अपनी कार छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में गलियां खंगाली, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए। पुलिस कार को क्रेन से उठवाकर थाने ले आई। ब्रह्मपुरी थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना रविवार शाम 6.50 बजे की है। वैगनआर कार में सवार बदमाशों ने पहले माधवपुरम सेक्टर-4 के चौराहे पर दहशत फैलाने के लिए कई राउंड फायरिंग कर दी। इसके बाद बदमाश कार में सवार होकर सेक्टर दो राजकीय डिग्री कॉलेज की रोड की तरफ भाग निकले। फायरिंग होते ही संयुक्त व्यापार संघ के मंत्री तरुण गोयल, व्यापारी नेता दीपक समेत काफी संख्या में लोग स्कूटी व बाइकों पर सवार होकर बदमाशों के पीछे दौड़ पड़े। बदमाशों की कार को सेक्टर दो नर्सरी के सामने वाले चौराहे पर रोक लिया गया। खुद को घिरता देख बदमाश कार से उतर गए और आम पब्लिक पर फायरिंग कर दी। गोलियां चलते ही मौके पर भगदड़ मच गई। इस बीच बदमाश फिर से माधवपुरम सेक्टर तीन की तरफ कार लेकर भाग निकले। इस बीच इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी सुभाष अत्री अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। डेढ़ घंटे की घेराबंदी के बाद पुलिस व लोगों ने बदमाशों को लिसाड़ी रोड चूने वाली गली में घेर लिया। बदमाश कार छोड़कर गलियों में फरार हो गए। पुलिस ने बदमाशों की कार को क्रेन से उठवाकर थाने भेजा। बदमाश हाथ नहीं आए। व्यापार नेता के सिर पर तान दी पिस्टल भाजपा नेता व संयुक्त व्यापार संघ के मंत्री तरुण गोयल ने जब राजकीय इंटर कॉलेज माधवपुरम चौराहे पर बदमाशों को रोकना चाह तो बदमाशों ने उनके सिर पर पिस्टल तानते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद लोग सड़क से हट गए। बदमाश दुबारा से कार में सवार होकर भाग निकले। देवेंद्र ने ढूंढी बदमाशों की कार पुलिस के साथ बदमाशों की घेराबंदी के लिए माधवपुरम के देवेंद्र वाल्मीकि समेत काफी लोग थे। सभी लोग अलग अलग गलियों में बदमाशों को ढूंढ रहे थे। देवेंद्र ने बदमाशों की कार एक गली में देखी। उन्होंने पुलिस को बताया। इससे पहले बदमाशों ने तीन मार्च को माधवपुरम सेक्टर एक में दहशत फैलाने के लिए गोलियां चलाई थी। एक गोली सामान लेने आई युवती के पेट में लगी थी। पुलिस ने एक दिन के बाद ही घटना का खुलासा कर दिया था। पुलिस ने गोलियां चलाने वाले तीन बदमाशों को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया था। एसएसपी अजय साहनी ने घटना के तीन दिन बाद माधवपुरम चौकी इंचार्ज वीरपाल को संस्पेंड कर दिया था। मुजफ्फरनगर से आए दरोगा ओमप्रकाश सिंह को नया चौकी इंचार्ज बनाया था। व्यापार संघ के व्यापारियों ने दिखाया साहस फायरिंग की सूचना मिलते ही माधवपुरम व्यापार संघ के पदाधिकारी व सदस्य अपनी बाइक लेकर बदमाशों की घेराबंदी के लिए उनके पीछे दौड़े। आसपास की सभी गलियों में बदमाशों की घेराबंदी की गई। माधवपुरम व्यापार संघ अध्यक्ष अमित गोयल, महामंत्री विक्रांत गुप्ता उर्फ बबलू, अनुराग कौशिक समेत कई व्यापारियों ने बताया कि पुलिस के साथ सभी व्यापारियों ने बदमाशों का पीछा किया। पुलिस भी सूचना मिलते ही तुरंत पहुंच गई। डेढ़ घंटे चली बदमाशों की घेराबंदी करीब डेढ़ घंटे तक बदमाशों की घेराबंदी के लिए पुलिस व आम लोग माधवपुरम, तारापुरी, लिसाड़ी रोड, शिव शक्ति नगर, भूमिया पुल की गलियों को खंगालते रहे। पब्लिक के सहयोग से पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी कर ली थी। बदमाश कार छोड़कर गलियों में फरार हो गए। कार के नंबर को ट्रेस कराया जा रहा है। शीघ्र ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अमित राय, सीओ ब्रह्मपुरी
No comments:
Post a Comment