मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए कक्षा-1 से आठ तक के सभी स्कूलों में 24 मार्च से 31 मार्च तक अवकाश घोषित कर दिया है। उन्होंने कहा कि अन्य विद्यालयों में 25 से 31 तक अवकाश रहेगा। इसके साथ ही सभी जिलों में बिना अनुमति सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार शाम लखनऊ में कोरोना संक्रमण की स्थिति की उच्चस्तरीय समीक्षा की। समीक्षा में उन्होंने होली और अन्य पर्व-त्योहारों, पंचायत चुनाव और देश के दूसरे राज्यों में कोरोना की स्थिति को देखते हुए सख्त कदम उठाने को कहा। गांवों में ग्राम पंचायत स्तर पर और शहर में वार्ड स्तर पर नोडल अधिकारी, कर्मचारी की नियुक्ति के निर्देश दिए। साथ ही हर जिले में एक-एक डेडिकेटेड कोविड अस्पताल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही कोरोना संक्रमण को देखते हुए कक्षा-1 से आठ तक के सभी परिषदीय और निजी विद्यालयों में 24 से 31 मार्च तक होली का अवकाश घोषित कर दिया गया है। साथ ही अन्य विद्यालयों में 25 से 31 तक अवकाश घोषित कर दिया गया है। यदि कहीं परीक्षाएं चल रही हैं तो कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए संपन्न कराने को कहा गया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा है कि बिना स्थानीय प्रशासन की अनुमति के कोई भी जुलूस, कार्यक्रम या सार्वजनिक आयोजन न किया जाए। इन आदेशों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
No comments:
Post a Comment