सुप्रीम कोर्ट में CJI सूर्यकांत से भिड़ा वकील, बोला- आप इस कुर्सी के लायक नहीं

अवमानना मामले की जल्द सुनवाई नहीं होने पर भड़का अधिवक्ता, कोर्ट रूम में तीखी बहस के बाद सुरक्षाकर्मी बाहर ले गए

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को उस समय असहज स्थिति पैदा हो गई, जब एक वकील ने मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत के साथ बहस करते हुए उनके पद और ईमानदारी पर सवाल उठा दिए। अपने खिलाफ चल रहे अवमानना मामले की जल्द सुनवाई की मांग कर रहे वकील को जब सीजेआई ने इंतजार करने के लिए कहा तो वह नाराज हो गया। उसने यहां तक कह दिया कि मुख्य न्यायाधीश इस कुर्सी पर बैठने के लायक नहीं हैं। घटना के बाद कोर्ट में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने वकील को बाहर कर दिया।

घटना सोमवार दोपहर करीब दो बजे की है। उस समय सीजेआई सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना भी मौजूद थे। बताया गया कि वकील ने निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना अपना मामला रखने के लिए पहले माफी मांगी और फिर सुनवाई की मांग की।

इंतजार करने की सलाह पर भड़का वकील

पीठ में मौजूद जस्टिस वी. मोहना ने स्पष्ट किया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही मामले का उल्लेख किया जा सकता है। इस पर सीजेआई सूर्यकांत ने वकील से कहा कि उनका आवेदन देखा जाएगा और उन्हें कुछ देर इंतजार करना चाहिए। लेकिन वकील इस बात पर नाराज हो गया। उसने सीजेआई की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह इस कुर्सी पर बैठने के योग्य नहीं हैं और उनमें ईमानदारी नहीं है। हालांकि, उसने पीठ के अन्य दोनों न्यायाधीशों के प्रति सम्मान भी जताया।

बंद करना पड़ा कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो

वकील की तीखी टिप्पणी के बाद कोर्ट की कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो बंद कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शी वकीलों के मुताबिक, कुछ देर बाद सुरक्षाकर्मी संबंधित अधिवक्ता को कोर्ट रूम से बाहर ले गए। वहां मौजूद कुछ वकीलों ने इस व्यवहार पर कड़ी कार्रवाई की मांग भी की। हालांकि, मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

पहले भी न्यायालय में हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों के साथ दुर्व्यवहार की यह पहली घटना नहीं है। जुलाई में भी एक याचिकाकर्ता ने सीजेआई सूर्यकांत के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कोर्ट में हंगामा किया था। उस समय पीठ ने अवमानना की कार्रवाई शुरू करने से इनकार करते हुए कहा था कि याचिकाकर्ता परेशान दिखाई दे रहा था और उसे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं।

वहीं, 6 अक्टूबर 2025 को तत्कालीन सीजेआई बीआर गवई की ओर एक वकील ने जूता फेंकने की कोशिश की थी। भगवान विष्णु की मूर्ति से जुड़े मामले में की गई टिप्पणी से नाराज वकील ने कोर्ट में धार्मिक नारे भी लगाए थे। सुरक्षाकर्मियों ने उसे बाहर कर दिया था। बाद में बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने संबंधित वकील को वकालत से निलंबित कर दिया था।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही के दौरान अनुशासन और न्यायिक संस्थाओं के सम्मान को लेकर फिर चर्चा छेड़ दी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts