15 दिन से धरने पर बैठे किसानों की नई आस, मेडा में बदली पूरी कमान

नए वीसी विक्रमादित्य मलिक और सचिव विनय कुमार ने संभाली जिम्मेदारी, अब प्रतिकर और प्लॉट के फैसले का इंतजार

मेरठ। मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) में सोमवार को प्रशासनिक बदलाव के साथ नई टीम ने कमान संभाल ली। नवागत उपाध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कार्यभार ग्रहण कर लिया, वहीं नए सचिव विनय कुमार ने भी अपनी जिम्मेदारी संभाल ली। अधिकारियों की नई तैनाती के साथ ही प्राधिकरण परिसर में पिछले 15 दिनों से धरना दे रहे किसानों की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। लंबे समय से लंबित प्रतिकर और विकसित भूखंडों के आवंटन की मांग कर रहे किसानों को अब नए अधिकारियों से समाधान की आस है।

प्राधिकरण में सचिव रहे बृजेश सिंह का तबादला नोएडा में विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) के पद पर कर दिया गया है। उनके स्थान पर विनय कुमार को मेडा का नया सचिव बनाया गया है। इससे पहले वह वाराणसी में एडीएम प्रोटोकॉल के पद पर तैनात थे। वहीं, शासन की ओर से उपाध्यक्ष बनाए गए विक्रमादित्य सिंह मलिक ने भी सोमवार को प्राधिकरण पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया।

15 दिन से धरने पर किसान, अब नए अधिकारियों पर टिकी निगाहें

मेडा परिसर में गंगानगर, लोहियानगर और वेदव्यासपुरी क्षेत्र के किसान पिछले 15 दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। किसानों का प्रमुख मुद्दा लंबित प्रतिकर का भुगतान और अधिग्रहित जमीन के बदले विकसित भूखंडों का आवंटन है। किसानों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगें लंबित हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।

पूर्व सचिव बृजेश सिंह ने किसानों को प्रमुख सचिव के साथ वार्ता कराने का भरोसा दिलाया था। हालांकि, इसी बीच अधिकारियों के तबादले से वार्ता और समाधान की प्रक्रिया को लेकर स्थिति बदल गई है।

नई टीम से फैसले की उम्मीद

अब किसानों की निगाहें नवागत उपाध्यक्ष विक्रमादित्य मलिक और सचिव विनय कुमार पर टिकी हैं। किसानों को उम्मीद है कि नए अधिकारी उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से सुनेंगे और लंबित प्रतिकर व भूखंड आवंटन के मामलों में ठोस पहल करेंगे। दूसरी ओर, प्राधिकरण में नई प्रशासनिक टीम के सामने किसानों के लंबे समय से चले आ रहे विवादों का समाधान निकालना भी एक अहम चुनौती होगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts