योगी की मां के निधन पर आजम खान ने जताया दुख, बोले- मां जैसी दौलत किसी के पास नहीं

मुरादाबाद पहुंचने पर समर्थकों ने लगाए ‘शेर आया-शेर आया’ के नारे, आजम ने हाथ हिलाकर रोका, बोले- सियासत करने नहीं आया हूं

मुरादाबाद। राजनीतिक मतभेदों से इतर इंसानी रिश्तों और संवेदनाओं की झलक शुक्रवार को मुरादाबाद में देखने को मिली। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि मां का जाना बहुत बड़ा सदमा है। मां जैसी दौलत किसी के पास नहीं होती। अल्लाह उन्हें इस दुख को सहन करने की ताकत दे।

शुक्रवार देर शाम बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ मुरादाबाद पहुंचे आजम खान का समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान समर्थकों ने ‘देखो-देखो कौन आया, शेर आया-शेर आया’ के नारे लगाए। आजम ने हाथ हिलाकर समर्थकों को नारे लगाने से रोका और साफ कहा कि वह यहां सियासत करने नहीं आए हैं।

नमाज के बाद यूसुफ मलिक के घर पहुंचे

आजम खान मुरादाबाद में अपने करीबी यूसुफ मलिक के बेटे की मौत पर शोक जताने पहुंचे थे। सबसे पहले वह हरथला स्थित गुलाब मस्जिद पहुंचे और नमाज अदा की। इसके बाद यूसुफ मलिक के घर जाकर परिवार को सांत्वना दी। बाद में कब्रिस्तान पहुंचकर उनके बेटे की कब्र पर भी गए। यूसुफ मलिक के बेटे गुलरेज का शव इसी साल जनवरी में घर के भीतर फंदे से लटका मिला था।

रामपुर जेल में आजम के साथ बंद रहे यूसुफ मलिक

यूसुफ मलिक और आजम खान लंबे समय तक रामपुर जेल में साथ रहे थे। यूसुफ को मुरादाबाद के अपर नगर आयुक्त को जान से मारने की धमकी देने और हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। बाद में उनके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत भी कार्रवाई हुई थी।

एक साल बाद जेल से बाहर आए आजम, दिए थे सियासी संकेत

आजम खान बुधवार रात करीब 10 बजे जेल से रिहा होने के बाद रामपुर पहुंचे थे। यहां उन्होंने अपने अंदाज में सियासी भविष्य को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि चुनाव नहीं होगा, इंकलाब होगा। बदलाव नहीं होगा, सैलाब होगा। गाजियाबाद की डासना जेल से बाहर आने के दौरान भी उन्होंने शिक्षा का मंदिर बनाने की बात कहते हुए अपनी सजा पर सवाल उठाए थे।

जौहर यूनिवर्सिटी मामले में ईडी की कार्रवाई भी चर्चा में

आजम खान से जुड़े मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय और जौहर ट्रस्ट के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जांच कर रहा है। एजेंसी की जांच सरकारी निर्माण कार्यों के धन और सामग्री के कथित दुरुपयोग, जमीन की खरीद और विश्वविद्यालय निर्माण में इस्तेमाल धन के स्रोत से जुड़ी है। ईडी ने अपनी कार्रवाई में करीब 426.46 करोड़ रुपये की संपत्तियां अस्थायी रूप से अटैच की थीं।

शुक्रवार को मुरादाबाद में आजम खान का बयान राजनीतिक हलचल से अलग मानवीय संवेदना के रूप में सामने आया। मुख्यमंत्री की मां के निधन पर उनके शब्दों ने यह संदेश दिया कि दुख की घड़ी में रिश्तों और इंसानियत का महत्व राजनीति से ऊपर होता है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts