आईआईएमटी विश्वविद्यालय की फुटबॉल टीम ने सेंट्रल जोन में हासिल किया दूसरा स्थान

अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालयीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई, जनवरी में केरल में होंगे मुकाबले

मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय, मेरठ की पुरुष फुटबॉल टीम ने छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में आयोजित सेंट्रल जोन इंटर यूनिवर्सिटी फुटबॉल टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ ही टीम ने अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालयीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है। राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता एक से सात जनवरी 2027 तक कन्नूर, केरल में आयोजित होगी।

प्रतियोगिता में आईआईएमटी की टीम ने शानदार खेल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। क्वालीफाइंग मुकाबले में टीम ने दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय को 4-0 से हराया। इसके बाद लीग मुकाबलों में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय को 3-0 तथा महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी को 2-1 से पराजित किया। वहीं, मेजबान छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के साथ मुकाबला गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ।

लीग चरण के समापन पर कानपुर और आईआईएमटी विश्वविद्यालय के सात-सात अंक रहे। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर कानपुर की टीम ने पहला और आईआईएमटी विश्वविद्यालय ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति योगेश मोहनजी गुप्ता ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और विश्वविद्यालय में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों को अखिल भारतीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर खिताब जीतने के लिए प्रेरित किया।

प्रति कुलाधिपति डॉ. मयंक अग्रवाल ने पूरी टीम, कोच सिद्धार्थ राठी और खेल विभाग को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, कुलपति डॉ. दीपा शर्मा ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।



No comments:

Post a Comment

Popular Posts