नौचंदी थाने से हथकड़ी निकालकर भागा हिस्ट्रीशीटर, टॉयलेट जाने के बहाने दीवार फांदी
चोरी के मामले में रविवार रात हुई थी गिरफ्तारी, सुबह होमगार्ड को चकमा देकर फरार; आधा दर्जन मुकदमों में है आरोपी
मेरठ। पुलिस की गिरफ्त में आया हिस्ट्रीशीटर थाने से ही फरार हो गया। नौचंदी थाने में चोरी के मामले में बंद अरशद ने सोमवार सुबह टॉयलेट जाने का बहाना बनाया। होमगार्ड उसे लेकर निकला तो आरोपी हथकड़ी से हाथ निकालकर थाने की दीवार फांद गया। पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते, इससे पहले ही वह आंखों से ओझल हो चुका था। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
रविवार रात हुई थी गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, फरार हिस्ट्रीशीटर अरशद नौचंदी क्षेत्र के जैदी फॉर्म का रहने वाला है। उसे रविवार रात चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ चोरी के मामलों में वारंट जारी थे। आरोपी पर करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।
होमगार्ड को चकमा देकर हुआ फरार
सोमवार सुबह अरशद ने टॉयलेट जाने की बात कही। होमगार्ड संजय सिंह उसे टॉयलेट की तरफ ले जा रहा था। इसी दौरान अरशद ने चालाकी से हथकड़ी से अपना हाथ बाहर निकाल लिया और मौका मिलते ही थाने की दीवार फांदकर फरार हो गया। होमगार्ड जब तक कुछ समझ पाता, आरोपी काफी दूर निकल चुका था।
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच
घटना के समय रात्रि अधिकारी आनंद प्रकाश, पहरे पर कांस्टेबल विशाल और मुंशी प्रदीप की ड्यूटी थी। थाने से हिस्ट्रीशीटर के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में खलबली मच गई। पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि थाने की सुरक्षा में चूक कैसे हुई और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की क्या भूमिका रही।


No comments:
Post a Comment