ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के साथ खड़ा था चीन, भारत को दो मोर्चों पर घेरने की थी रणनीति; अमेरिकी रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

सबहेड: अमेरिकी कांग्रेस के पैनल ने कहा- भारत का बढ़ता प्रभाव बीजिंग के लिए रणनीतिक चुनौती, पाकिस्तान को सैन्य मदद देना चीन की व्यापक रणनीति का हिस्सा

वाशिंगटन (एजेंसी)। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को चीन का सैन्य समर्थन महज दोनों देशों की दोस्ती तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके पीछे भारत की बढ़ती ताकत और क्षेत्रीय प्रभाव को रोकने की रणनीति भी थी। अमेरिकी कांग्रेस के एक पैनल की ताजा रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, चीन भारत को उभरती हुई रणनीतिक चुनौती मानता है और उसके प्रभाव को सीमित करने के लिए सैन्य, आर्थिक और समुद्री मोर्चों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है।

पाकिस्तान की मदद के पीछे चीन की बड़ी रणनीति

अमेरिका-चीन आर्थिक एवं सुरक्षा समीक्षा आयोग (USCC) की वार्षिक रिपोर्ट में मई 2025 के भारत-पाकिस्तान संघर्ष और ऑपरेशन सिंदूर का विशेष उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन ने सीधे युद्ध में शामिल हुए बिना संकट के समय पाकिस्तान को सैन्य समर्थन दिया। यह भारत के रणनीतिक उदय को सीमित करने की उसकी व्यापक नीति का हिस्सा था।

आयोग का मानना है कि पाकिस्तान के साथ चीन की लगातार मजबूत होती सैन्य साझेदारी भारत के लिए दो मोर्चों पर युद्ध की आशंका बढ़ाती है। ऐसी स्थिति में भारतीय सेना की रणनीतिक और सैन्य योजनाएं अधिक जटिल हो सकती हैं।

भारत की बढ़ती ताकत से चीन को चुनौती

रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत के पास ऐसी जनसांख्यिकीय, आर्थिक, सैन्य और भौगोलिक क्षमताएं हैं, जो एशिया में चीन के साथ शक्ति संतुलन को प्रभावित कर सकती हैं। दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश और सबसे बड़ा लोकतंत्र होने के साथ भारत परमाणु हथियारों से लैस है। उसकी सेना भी दुनिया की सबसे बड़ी सेनाओं में शामिल है।

आयोग के मुताबिक, चीन भारत के बढ़ते क्षेत्रीय प्रभाव को अपनी रणनीतिक महत्वाकांक्षाओं के लिए चुनौती मानता है। यही वजह है कि वह सीमा विवाद, आर्थिक दबाव और हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी मौजूदगी बढ़ाने जैसे तरीकों का इस्तेमाल कर रहा है।

2100 मील लंबी विवादित सीमा और हिंद महासागर पर नजर

रिपोर्ट में भारत और चीन के बीच करीब 2100 मील लंबी विवादित सीमा का भी जिक्र किया गया है। इसके अलावा हिंद महासागर में भारत की भौगोलिक स्थिति को बेहद महत्वपूर्ण बताया गया है। इस क्षेत्र के समुद्री मार्गों से चीन के व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। ऐसे में हिंद महासागर में भारत की मजबूत मौजूदगी चीन की रणनीतिक गणनाओं को प्रभावित कर सकती है।

भारत-अमेरिका सहयोग बढ़ाने की सिफारिश

अमेरिकी आयोग ने चीन के बढ़ते प्रभाव का मुकाबला करने के लिए भारत और अमेरिका के बीच सहयोग और मजबूत करने की सिफारिश की है। रिपोर्ट में खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान, समुद्री सुरक्षा और विनिर्माण क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया है।

हालांकि, आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत और अमेरिका के करीबी संबंधों का मतलब यह नहीं है कि दोनों देश हर अंतरराष्ट्रीय मुद्दे पर एक जैसी सोच रखते हों। इसके बावजूद हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शक्ति संतुलन बनाए रखने और चीन की रणनीतिक महत्वाकांक्षाओं का मुकाबला करने में भारत को अमेरिका का महत्वपूर्ण साझेदार बताया गया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts