विज्ञान के क्षेत्र में महिलाएं बनें नेतृत्वकर्ता, सतत विकास में निभाएं अहम भूमिका

विज्ञान शक्ति-2026 कार्यशाला में महिला वैज्ञानिकों ने साझा किए विचार, हरित नवाचार से लेकर महिला आत्मनिर्भरता तक हुई चर्चा

मेरठ। विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, उन्हें शोध एवं नवाचार के लिए प्रोत्साहित करने और नेतृत्व के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में शुक्रवार को ‘विज्ञान शक्ति-2026’ कार्यशाला का आयोजन किया गया। महिला अध्ययन केंद्र की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न संस्थानों से आई महिला वैज्ञानिकों और शिक्षाविदों ने सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण और वैज्ञानिक नेतृत्व पर विचार रखे।

कार्यशाला का शुभारंभ कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त और प्रोत्साहित करने से परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास को नई गति मिलती है। महिलाओं की वैज्ञानिक प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए उन्हें समान अवसर और बेहतर मंच उपलब्ध कराना जरूरी है।

राष्ट्रीय जैविक संस्थान नोएडा की निदेशक डॉ. नीलिमा मिश्रा ने सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और छोटे-छोटे बदलावों को सफलता का आधार बताया। भारतीय वानिकी अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद की वैज्ञानिक डॉ. अनीता तोमर ने हरित नवाचार, जैव विविधता संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को सतत विकास के लिए जरूरी बताया। वहीं, राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद की वैज्ञानिक डॉ. रश्मि शर्मा ने लखपति दीदी, नमो ड्रोन दीदी और मिशन शक्ति जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और नेतृत्वकर्ता बनाने पर जोर दिया।

विज्ञान भारती की राष्ट्रीय सचिव डॉ. लीना भावडेकर ने शक्ति (SHAKTI) के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि महिलाओं को विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर मंच उपलब्ध कराना जरूरी है। कार्यशाला में आईसीएआर के विभिन्न संस्थानों, कृषि विज्ञान केंद्रों, शोभित विश्वविद्यालय, मेरठ कॉलेज, आरजी कॉलेज और चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की महिला वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों और शोधार्थियों ने भी सहभागिता की। महिला अध्ययन केंद्र की अध्यक्ष डॉ. रश्मि ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में छात्राओं और शोधार्थियों ने वैज्ञानिकों से संवाद कर अपने विचार साझा किए। कार्यशाला ने विज्ञान के क्षेत्र में महिला भागीदारी को बढ़ाने और महिला नेतृत्व वाले विकास की दिशा में नई संभावनाओं पर चर्चा का मंच प्रदान किया।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts