मेरठ में निर्माण कार्यों पर तत्काल ब्रेक, डीएम का सख्त फरमान
AQI 200 पहुंचने पर प्रशासन अलर्ट, मेडा-नगर निगम और पीडब्ल्यूडी समेत सभी विभागों को काम बंद कराने के निर्देश
मेरठ। शहर में लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता को देखते हुए जिला प्रशासन ने प्रदूषण के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को मेरठ का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 200 के पार पहुंचने के बाद जिले में सभी प्रकार के निर्माण कार्यों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने मेडा, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी समेत सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्य तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने स्पष्ट किया है कि प्रदूषण नियंत्रण को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण कार्यों के दौरान उड़ने वाली धूल और अन्य प्रदूषणकारी तत्वों को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। सभी विभागों को अपने क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया है।
निर्माण जारी मिला तो ठेकेदारों पर गिरेगी गाज
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि प्रतिबंध के बावजूद यदि कहीं निर्माण कार्य होता मिला तो संबंधित ठेकेदार, एजेंसी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य रुकवाने और नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।
दीपावली पर सिर्फ ग्रीन पटाखों की अनुमति
त्योहारी सीजन में प्रदूषण का स्तर और बढ़ने की आशंका को देखते हुए दीपावली पर केवल ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति दी गई है। प्रशासन की ओर से नियमों का पालन कराने के लिए निगरानी की जाएगी। लोगों से भी पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदारी से त्योहार मनाने की अपील की गई है।
मिठाइयों में मिलावट रोकने को अधिकारियों की जिम्मेदारी तय
दीपावली पर मिलावटी मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए भी प्रशासन ने कमर कस ली है। शहरी क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी एडीएम सिटी आदित्य प्रजापति को सौंपी गई है। वहीं, देहात क्षेत्र में यह जिम्मेदारी एडीएम प्रशासन विजय वर्धन तोमर संभालेंगे।
प्रशासन का कहना है कि प्रदूषण नियंत्रण के साथ-साथ त्योहार के दौरान लोगों को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना भी प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभागों को सक्रिय रहकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।


No comments:
Post a Comment