जाट आरक्षण के मुद्दे पर गरमाई समाज की सियासत, दूसरे संगठनों की सक्रियता पर उठे सवाल

अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने तेज की मुहिम, बोली- राजनीतिक जमीन बचाने में जुटे संगठन, बच्चों के भविष्य के मुद्दे से बनाई दूरी

मेरठ। केंद्र सरकार की नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में जाट समाज को ओबीसी आरक्षण दिलाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने इस मुद्दे पर अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। समिति की बढ़ती सक्रियता के बीच जाट समाज के नाम पर काम कर रहे दूसरे संगठनों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। समिति के पदाधिकारियों का आरोप है कि कुछ संगठन अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए तो सक्रिय हैं, लेकिन समाज के बच्चों के भविष्य से जुड़े आरक्षण के मुद्दे पर खुलकर सामने नहीं आ रहे हैं।

रविवार को बच्चा पार्क स्थित छिपी टैंक क्षेत्रीय कार्यालय में समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई। पश्चिम उत्तर प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष चौधरी यशपाल सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में केंद्र सरकार की सेवाओं और शिक्षण संस्थानों में जाट समाज को ओबीसी आरक्षण दिलाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। राष्ट्रीय संयोजक यशपाल सिंह मलिक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष यशपाल चौधरी और जिलाध्यक्ष संजीव तोमर के नेतृत्व में आंदोलन को आगे बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा हुई।

गांव-गांव तक पहुंचेगा आरक्षण का मुद्दा

बैठक में संगठन को मजबूत करने के लिए मेरठ जिले की नई कार्यकारिणी जल्द घोषित करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही विधानसभा, तहसील और ब्लॉक स्तर पर संगठन की इकाइयां गठित की जाएंगी। समिति का लक्ष्य युवाओं और समाज के अधिक से अधिक लोगों को आरक्षण की मुहिम से जोड़ना है।

जिलाध्यक्ष संजीव तोमर ने कहा कि आने वाले दिनों में केंद्र में ओबीसी आरक्षण की मांग को लेकर जनसंपर्क अभियान और आंदोलन तेज किया जाएगा। संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाकर समाज को इस मुद्दे पर एकजुट करने का प्रयास होगा।

राजनीतिक सक्रियता और आरक्षण की लड़ाई पर उठाए सवाल

बैठक में पदाधिकारियों ने रालोद और भाजपा से जुड़े जाट नेताओं की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि राजनीतिक दलों से जुड़े नेता आरक्षण के सवाल पर खुलकर सामने नहीं आ रहे हैं। समिति का दावा है कि वह जाट समाज के युवाओं के भविष्य और आरक्षण के अधिकार की लड़ाई को प्रमुखता से उठा रही है।

बैठक में यशपाल चौधरी, संजीव तोमर, तनिष्क चौधरी, सुधीर चौधरी, अंश अहलावत, मनजीत सिंह बिल्लू, संजीव सिरोही, अमित राणा, नीरज जाखड़, देवपाल, पंकज शर्मा और संजय चौधरी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts