यूपी में फिर चली तबादला एक्सप्रेस, 16 आईएएस अधिकारियों के तबादले, छह जिलों के डीएम बदले

दो दिन पहले 38 आईएएस अधिकारियों के हुए थे तबादले, अब कानपुर-वाराणसी के मंडलायुक्त भी बदले; मुख्यमंत्री कार्यालय समेत कई विभागों में नई तैनाती

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच प्रशासनिक फेरबदल का सिलसिला तेज हो गया है। योगी सरकार ने सोमवार को एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए 16 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस फेरबदल में छह जिलों के जिलाधिकारी बदल दिए गए हैं। इसके अलावा कानपुर और वाराणसी के मंडलायुक्तों की अदला-बदली की गई है। कई अधिकारियों को शासन और विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले 14 नवंबर को प्रदेश में 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए थे। महज दो दिन के भीतर दूसरी बड़ी तबादला सूची जारी होने से प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है। ताजा सूची में गोंडा, भदोही, चंदौली, जौनपुर, श्रावस्ती और शामली के डीएम बदले गए हैं। वहीं, नोएडा और ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण से जुड़े अधिकारियों के कार्यभार में भी बदलाव किया गया है।

कानपुर-वाराणसी के मंडलायुक्तों की अदला-बदली

सरकार ने के. विजयेंद्र पांडियन को कानपुर मंडलायुक्त से हटाकर वाराणसी का मंडलायुक्त बनाया है। वहीं, वाराणसी के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम अब कानपुर मंडल की जिम्मेदारी संभालेंगे। ग्रेटर नोएडा के सीईओ रवि कुमार एनजी को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण का सीईओ तथा आयुक्त एवं निदेशक उद्योग बनाया गया है। यूपीएसआईडीसी के सीईओ डॉ. बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा का सीईओ नियुक्त किया गया है। उन्हें स्थानिक आयुक्त एवं आयुक्त एनसीआर का अतिरिक्त कार्यभार भी दिया गया है।

छह जिलों को मिले नए जिलाधिकारी

भदोही में अनिल कुमार सिंह को नया डीएम बनाया गया है। वह इससे पहले सहकारी समितियों में अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग) के पद पर तैनात थे। भदोही के डीएम शैलेश कुमार को चंदौली भेजा गया है। चंदौली के डीएम चंद्र मोहन गर्ग को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बनाया गया है।

गोंडा में रमेश रंजन नए जिलाधिकारी होंगे। वह राजस्व परिषद में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त के पद पर तैनात थे। गोंडा की डीएम प्रियंका निरंजन को विशेष सचिव नगर विकास बनाया गया है। वहीं, उमेश मिश्रा को नगर विकास विभाग से हटाकर जौनपुर का डीएम नियुक्त किया गया है। जौनपुर के डीएम सैमुअल पॉल एन. को सहकारी समितियों में अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग) की जिम्मेदारी दी गई है।

श्रावस्ती में मनोज कुमार राय नए डीएम होंगे। वह नागरिक सुरक्षा एवं राजनीतिक पेंशन विभाग में विशेष सचिव थे। श्रावस्ती की डीएम अन्नपूर्णा गर्ग को बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। शामली के डीएम आलोक यादव को आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। उनके स्थान पर प्रवीण वर्मा शामली के नए जिलाधिकारी होंगे। वह ग्रेटर नोएडा में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर तैनात थे।

सौम्या अग्रवाल को टेक्सटाइल निगम की जिम्मेदारी

श्रमायुक्त सौम्या अग्रवाल को उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम, स्टेट स्पिनिंग कंपनी, स्टेट यार्न कंपनी और सहकारी कताई मिल्स संघ का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। उन्हें टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

इस प्रशासनिक फेरबदल में मुख्यमंत्री कार्यालय, नगर विकास, बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे विभागों में भी नई तैनातियां की गई हैं। लगातार दो दिनों में कुल 54 आईएएस अधिकारियों के तबादलों से प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव देखने को मिल रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts