दिल्ली लौट रहे परिवार पर टूटा मौत का पहाड़, कार पर पलटा चने से भरा ट्रॉला; चार की दर्दनाक मौत
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर देर रात भीषण हादसा, कार में सवार दीपक, सरिता, नितिन और दिव्या ने गंवाई जान; पांच साल का बच्चा घायल, क्रेन से काटकर निकालने पड़े शव
रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। चने से भरा तेज रफ्तार ट्रॉला अनियंत्रित होकर एक कार के ऊपर पलट गया। भारी ट्रॉले के नीचे कार पूरी तरह दब गई। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच साल का मासूम बच्चा घायल हो गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए पुलिस और बचाव दल को क्रेन की मदद लेनी पड़ी और कार की खिड़कियां तक काटनी पड़ीं।
गांव से दिल्ली लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के बानपुर की आलू वाली भोलावास गांव निवासी दीपक का परिवार लंबे समय से दिल्ली के द्वारका में रह रहा था। परिवार के सदस्य कुछ समय पहले अपने पैतृक गांव आए थे। शनिवार को सभी कार से वापस दिल्ली लौट रहे थे। रात करीब 11:30 बजे उनकी कार रेवाड़ी के बावल क्षेत्र में बनीपुर चौक के पास फ्लाईओवर के नजदीक पहुंची। इसी दौरान पीछे से आ रहा चने से भरा ट्रॉला अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया।
ट्रॉले के नीचे दबकर पिचक गई कार
ट्रॉला इतना भारी था कि उसके पलटते ही कार पूरी तरह उसके नीचे दब गई। कार में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया गया। क्रेन की मदद से ट्रॉले को हटाया गया। इसके बाद कार की खिड़कियां काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
चार लोगों की मौत, पांच साल का बच्चा घायल
पुलिस ने सभी लोगों को बाहर निकालकर बावल नागरिक अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने दीपक, सरिता, नितिन और दिव्या को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल करीब पांच साल के बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
पहले दूसरी गाड़ी को मारी थी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रॉला तेज रफ्तार में था। बताया गया कि कार पर पलटने से पहले उसने एक अन्य वाहन को भी टक्कर मारी थी। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रॉला कार के ऊपर पलट गया। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हाईवे पर हुए इस भीषण हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही से सड़क पर सफर करने वालों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


No comments:
Post a Comment