किसानों की महापंचायत से कमिश्नरी पर शक्ति प्रदर्शन, शहर में लगा भीषण जाम; कई चौराहों पर थमी रफ्तार

छह जिलों के किसानों ने गन्ना भुगतान और चीनी मिलों की अनियमितताओं पर खोला मोर्चा, कमिश्नरी का मुख्य द्वार बंद होने से कर्मचारियों को दूसरे गेट से मिली एंट्री

मेरठ। गन्ना भुगतान, चीनी मिलों की कथित अनियमितताओं और किसानों की लंबित समस्याओं को लेकर मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की महापंचायत में छह जिलों के किसानों ने ताकत दिखाई। कमिश्नरी पार्क में आयोजित महापंचायत में किसानों ने शासन और प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की। संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी धर्मेंद्र मलिक की मौजूदगी में गन्ना मूल्य, बकाया भुगतान, आलू किसानों की समस्या और बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा प्रमुखता से उठा।

महापंचायत के चलते कमिश्नरी पार्क के आसपास यातायात व्यवस्था भी चरमरा गई। किसानों की भारी भीड़ और धरने के कारण सीडीए चौराहा, कचहरी, मवाना चौराहा और जेल चुंगी समेत कई प्रमुख स्थानों पर भीषण जाम लग गया। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों और आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

गन्ना भुगतान से लेकर आलू किसानों की समस्या तक पर आक्रोश

महापंचायत में किसानों ने कहा कि चीनी मिलों से समय पर गन्ना भुगतान नहीं होने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। गन्ने के मूल्य में बढ़ोतरी और बकाया भुगतान की मांग उठाई गई। इसके साथ ही आलू किसानों की समस्याओं और बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की गई।

चीनी मिलों के तीन-चार साल पुराने मामलों की जांच मांगी

किसानों ने चीनी मिलों में पिछले तीन से चार साल से लंबित मामलों और कथित अनियमितताओं को लेकर अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। आरोप लगाया कि शासन को कई बार पत्र भेजने के बावजूद संबंधित अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। किसानों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

कमिश्नरी से कचहरी तक वाहनों की कतारें

किसानों के धरने का असर शहर की यातायात व्यवस्था पर भी दिखाई दिया। कमिश्नरी पार्क के आसपास वाहनों का दबाव बढ़ने से सीडीए चौराहा, कचहरी, मवाना चौराहा और जेल चुंगी पर जाम की स्थिति बन गई। कार्यालय जाने वाले लोग काफी देर तक जाम में फंसे रहे। अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। वैकल्पिक रास्तों पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया।

मुख्य द्वार बंद, दूसरे गेट से पहुंचे कर्मचारी

महापंचायत और धरने को देखते हुए कमिश्नरी कार्यालय का मुख्य द्वार बंद रहा। इसके चलते कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों को दूसरे गेट से प्रवेश करना पड़ा। वहीं विभिन्न कार्यों से कमिश्नरी पहुंचे लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

मुख्यमंत्री तक पहुंचा चुके हैं किसानों की मांगें

संगठन के जिला अध्यक्ष कालू प्रधान ने कहा कि किसानों की समस्याओं को कई बार मुख्यमंत्री के सामने भी रखा जा चुका है। कुछ मामलों में कार्रवाई हुई, लेकिन कई अहम मुद्दे अब भी लंबित हैं। महापंचायत में सभी मांगों को लेकर ज्ञापन के माध्यम से शासन का ध्यान आकर्षित किया जाएगा। किसानों ने स्पष्ट किया कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समस्याओं का ठोस और समयबद्ध समाधान चाहिए।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts