आईआईएमटी विश्वविद्यालय में ‘ज्योति पर्व’ का भव्य आयोजन, भारतीय संस्कृति के रंगों से सराबोर हुआ परिसर
- रामायण मंचन, छठ पूजा, लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुतियों ने बांधा समां
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय में दीपावली के पावन अवसर पर ‘ज्योति पर्व’ का भव्य आयोजन किया गया। दीपावली समारोह-2026 के अंतर्गत आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत को रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय संस्कृति की भी आकर्षक झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ कुलाधिपति श्री योगेश मोहनजी गुप्ता, कुलपति डॉ. दीपा शर्मा जी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात डीन को-करीकुलर अफेयर्स एंड इवेंट्स डॉ. लखविंदर सिंह ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों को दीपावली की बधाई देते हुए कुलाधिपति श्री योगेश मोहनजी गुप्ता ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं। दीपावली जैसे त्योहार हमें अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने, आपसी प्रेम, सद्भाव और सकारात्मकता का संदेश देते हैं। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों को अपनी जड़ों और विरासत से जोड़ने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।
कुलपति डॉ. दीपा शर्मा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना भी है। सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। ‘ज्योति पर्व’ जैसे आयोजन विभिन्न संस्कृतियों को एक मंच पर लाकर आपसी सम्मान और एकता की भावना को मजबूत करते हैं।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत विद्यार्थियों के आकर्षक युगल नृत्य और लोकनृत्य से हुई। इसके बाद एकल नृत्य, मिमिक्री और समूह नृत्यों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रामायण मंचन ने भगवान श्रीराम के आदर्शों और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को जीवंत कर दिया। तलवारबाजी की प्रस्तुति ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में छठ पूजा पर आधारित विशेष प्रस्तुति के माध्यम से बिहार की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को दर्शाया गया। इसके अतिरिक्त बॉलीवुड थीम पर समूह नृत्य, एकल गायन का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय में अध्ययनरत अफ्रीकी विद्यार्थियों ने भारतीय गानों पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर सांस्कृतिक विविधता और अंतर्राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. लखविंदर सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सदस्यों का आभार व्यक्त किया।


No comments:
Post a Comment