चुनाव आयुक्तों को पद छोड़ने के बाद भी आजीवन कानूनी संरक्षण, सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और निर्वाचन आयोग से मांगा जवाब
ADR ने 2023 के कानून की धारा 16 को दी चुनौती, कहा- जवाबदेही से परे हो जाएंगे चुनाव आयुक्त; अनुच्छेद 14 और 21 के उल्लंघन का भी उठाया सवाल
नई दिल्ली। मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य निर्वाचन आयुक्तों को उनके आधिकारिक कार्यों के लिए आजीवन कानूनी संरक्षण देने वाले प्रावधान पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और भारत निर्वाचन आयोग से जवाब मांगा है। अदालत में दाखिल याचिका में सवाल उठाया गया है कि आखिर चुनाव आयुक्तों को पद छोड़ने के बाद भी सिविल और आपराधिक मुकदमों से स्थायी छूट क्यों दी गई है।
2023 के कानून की धारा 16 को चुनौती
यह मामला मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य निर्वाचन आयुक्त अधिनियम, 2023 की धारा 16 से जुड़ा है। इस प्रावधान के तहत चुनाव आयुक्तों को अपने आधिकारिक कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान किए गए कार्यों और दिए गए बयानों के संबंध में सिविल मुकदमों और आपराधिक कार्यवाही से संरक्षण प्राप्त है। खास बात यह है कि यह सुरक्षा उनके पद पर रहने के साथ-साथ पद छोड़ने के बाद भी जारी रहती है।
ADR ने उठाए संवैधानिक वैधता पर सवाल
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर धारा 16 की संवैधानिक वैधता को चुनौती दी है। याचिका में कहा गया है कि इतना व्यापक कानूनी संरक्षण चुनाव आयुक्तों को जवाबदेही से परे कर सकता है। संगठन ने दलील दी है कि यह प्रावधान संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 के साथ-साथ संविधान की मूल संरचना के भी खिलाफ है। इसलिए इसे असंवैधानिक घोषित किया जाना चाहिए।
पहले से लंबित याचिका के साथ जोड़ा मामला
इस मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने की। पीठ में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना भी शामिल हैं। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। साथ ही इस याचिका को इसी मुद्दे पर पहले से लंबित लोक प्रहरी की याचिका के साथ जोड़ दिया है।
चुनाव आयुक्तों को ही इतना संरक्षण क्यों?
ADR ने अपनी याचिका में यह भी सवाल उठाया है कि जब अन्य संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों को इस तरह की आजीवन कानूनी छूट हासिल नहीं है, तो चुनाव आयुक्तों के लिए इतना व्यापक संरक्षण क्यों निर्धारित किया गया है। अब इस मामले में केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के जवाब के बाद धारा 16 की संवैधानिक वैधता पर सुनवाई आगे बढ़ेगी।
फॉर्म-6 को लेकर भी चर्चा में निर्वाचन आयोग
इधर, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार मतदाता सूची से जुड़े निर्देशों को लेकर भी चर्चा में हैं। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन पुराने मतदाताओं के नाम मौजूदा मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वे भी नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं। आयोग ने ऐसे मतदाताओं से बिना किसी झिझक के आवेदन कर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने की अपील की है।


No comments:
Post a Comment