छह जिलों के किसानों की आज मेरठ में महापंचायत, गन्ना भुगतान से आलू संकट तक गूंजेंगे मुद्दे
धर्मेंद्र मलिक होंगे मुख्य अतिथि, चीनी मिलों की अनियमितताओं और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी उठेंगे सवाल
मेरठ। किसानों की लंबित समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) आज मेरठ में शक्ति प्रदर्शन करेगी। संगठन के प्रदेशव्यापी आह्वान पर आयोजित महापंचायत में मेरठ समेत छह जिलों के किसान जुटेंगे। महापंचायत में गन्ना भुगतान, गन्ने का मूल्य घोषित करने, आलू किसानों की समस्या और बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान जैसे मुद्दों पर आवाज बुलंद की जाएगी। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी धर्मेंद्र मलिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
संगठन के जिलाध्यक्ष कालू प्रधान के अनुसार, किसानों की समस्याओं को लेकर कई बार मुख्यमंत्री के समक्ष मांगें रखी जा चुकी हैं, लेकिन कई महत्वपूर्ण मामले अब भी लंबित हैं। इसी के चलते महापंचायत के माध्यम से शासन का ध्यान किसानों की समस्याओं की ओर आकर्षित किया जाएगा।
गन्ना भुगतान और आलू किसानों का संकट बनेगा बड़ा मुद्दा
महापंचायत में गन्ना किसानों के बकाया भुगतान और गन्ने के मूल्य का मुद्दा प्रमुखता से उठेगा। इसके साथ ही आलू की गिरती कीमतों और किसानों को हो रहे नुकसान पर भी चर्चा होगी। बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान के बदले मुआवजे और राहत की मांग भी उठाई जाएगी।
चीनी मिलों की कार्यप्रणाली पर घेरेंगे अधिकारी
चीनी मिलों से जुड़े लंबित मामलों और अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर भी संगठन शासन-प्रशासन को घेरने की तैयारी में है। आयोजकों का आरोप है कि शासन को भेजे गए पत्रों पर कुछ अधिकारी गंभीरता से कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। तीन से चार साल से मिलों में लंबित प्रकरणों और कथित अनियमितताओं की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।
ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग
महापंचायत में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। इसके बाद ज्ञापन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों तक मांगें पहुंचाई जाएंगी। संगठन को उम्मीद है कि छह जिलों के किसानों की एकजुटता और महापंचायत में उठने वाली आवाज शासन को लंबित समस्याओं पर ठोस निर्णय लेने के लिए मजबूर करेगी।


No comments:
Post a Comment