चलती कर्मभूमि एक्सप्रेस में लगी भीषण आग, यात्रियों ने ट्रेन से लगाई छलांग

पंजाब में चार जनरल कोच आग की चपेट में आए, 1500 यात्री थे सवार; पटियाला में रोकी गई ट्रेन, यात्रियों के लिए चलाईं दो स्पेशल ट्रेनें, आठ ट्रेनों का रूट बदला

पटियाला। पंजाब में शुक्रवार दोपहर अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन के इंजन से सटे जनरल कोच में लगी आग ने देखते ही देखते चार डिब्बों को अपनी चपेट में ले लिया। डिब्बों से उठती आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। जान बचाने के लिए यात्रियों ने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। ट्रेन रुकते ही बड़ी संख्या में यात्री नीचे उतरकर आसपास के खेतों की ओर भागे। राहत की बात रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

हादसा फतेहगढ़ साहिब के साधूगढ़ और पटियाला के सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के बीच दोपहर करीब सवा एक बजे हुआ। ट्रेन संख्या 12508 अमृतसर से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी जा रही थी। उस समय ट्रेन में करीब 1500 यात्री सवार थे। आग की चपेट में आए सभी डिब्बे जनरल श्रेणी के थे। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, दमकल विभाग और राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं।



पंखे में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

सरकारी रेलवे पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में कोच के पंखे में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की बात सामने आई है। हालांकि रेलवे प्रशासन ने आग के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच कराने की बात कही है। उत्तरी रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय के मुताबिक, सराय बंजारा स्टेशन के पास ट्रेन का सुरक्षा सिस्टम सक्रिय हुआ, जिसके बाद ट्रेन रुक गई और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकलने का मौका मिला।

तीन कोच पूरी तरह प्रभावित, चौथे को भी नुकसान

अंबाला मंडल के सीनियर डीसीएम यशनजीत सिंह ने बताया कि आग से तीन कोच पूरी तरह प्रभावित हुए, जबकि चौथा कोच भी आंशिक रूप से इसकी चपेट में आया। ट्रेन में कुल 22 अनारक्षित कोच थे। आग लगने के बाद यात्रियों को घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर स्थित नजदीकी स्टेशन तक पहुंचने को कहा गया।

यात्रियों के लिए चलाई गईं दो स्पेशल ट्रेनें

हादसे के बाद रेलवे ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए सराय बंजारा स्टेशन से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए दो स्पेशल ट्रेनें चलाईं। जले हुए कोचों को ट्रैक से हटाने के बाद रेल यातायात बहाल कर दिया गया। हादसे के चलते आठ ट्रेनों के रूट में बदलाव करना पड़ा। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रही और पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts