स्कूटी सवार को बचाने पहुंचे ग्रामीणों पर चढ़ा बेकाबू ट्रेलर, सात की मौत

झारखंड के खूंटी में दिल दहला देने वाला हादसा, मृतकों में चार महिलाएं और तीन बच्चे शामिल; दो गंभीर घायल, चालक-खलासी फरार

खूंटी। झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। कर्रा थाना क्षेत्र के कोशांबी कॉलोनी के पास तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया। हादसे में चार महिलाओं और तीन बच्चों समेत सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई।

मदद के लिए घरों से निकले थे ग्रामीण, मौत बनकर आया ट्रेलर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 10:15 बजे एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरा। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण उसकी मदद के लिए घरों से बाहर निकल आए। कुछ युवक झाड़ियों में फंसे स्कूटी सवार को निकालने में जुटे थे, जबकि महिलाएं और बच्चे सड़क किनारे खड़े होकर घटनाक्रम देख रहे थे।

इसी दौरान तोरपा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा बेकाबू ट्रेलर सड़क किनारे मौजूद लोगों को रौंदता हुआ निकल गया। ट्रेलर की चपेट में कुल नौ लोग आए। टक्कर इतनी भीषण थी कि सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।

एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पसरा मातम

हादसे में बिरसा नायक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनकी पत्नी कसीला देवी, बेटी अंजलि कुमारी और एक वर्षीय नाती सौरभ नायक की जान चली गई। मृतकों में मान्दू देवी, पाको देवी, तूती कुमारी और गोलू कुमार भी शामिल हैं। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

घायलों को तत्काल खूंटी सदर अस्पताल और तोरपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।

तीखे मोड़ और अंधेरे में चालक को नहीं दिखे लोग

घटना की जानकारी मिलते ही खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग देर रात अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने बताया कि रेलवे फाटक के पास स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद लोग मदद के लिए पहुंचे थे। घटनास्थल पर तीखा मोड़ और अंधेरा होने के कारण ट्रेलर चालक को सड़क किनारे खड़े लोग दिखाई नहीं दिए, जिससे इतना बड़ा हादसा हो गया।

ट्रेलर जब्त, चालक और खलासी की तलाश में छापेमारी

हादसे के बाद ट्रेलर चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और दोनों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts