सिलबट्टे से वार के बाद आठ घंटे तक तड़पता रहा अनिकेत, छोटे भाई पर हत्या का आरोप
पांडव नगर में रविवार रात शराब पीने के बाद दोनों भाइयों में हुआ था विवाद, मां ने बताया- सुबह तक चल रही थीं सांसें, डर के कारण नहीं ले जा सकी अस्पताल
मेरठ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जे-ब्लॉक पांडव नगर में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। रविवार देर रात हुए झगड़े में छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर पर सिलबट्टे के पत्थर से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल 35 वर्षीय अनिकेत घर में ही पड़ा रहा। आरोप है कि करीब आठ घंटे तक वह लहूलुहान हालत में तड़पता रहा, लेकिन उसे अस्पताल नहीं ले जाया गया। सोमवार शाम उसकी मौत का पता चलने पर मोहल्ले में हड़कंप मच गया। पुलिस ने छोटे भाई अविरल को हिरासत में ले लिया है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी।
शराब पीने के बाद शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, जे-ब्लॉक पांडव नगर निवासी इंदर कुमार की मृत्यु हो चुकी है। उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी उर्फ कमलेश अपने दो बेटों अनिकेत और अविरल के साथ रहती हैं। तीसरा बेटा नितिन शास्त्रीनगर में परिवार के साथ रहता है।
बताया गया कि रविवार रात करीब 11 बजे अनिकेत और अविरल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मोहल्ले के लोगों के मुताबिक, दोनों भाइयों के बीच अक्सर शराब पीने के बाद झगड़ा होता था। इस बार भी कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान अविरल ने सिलबट्टे का पत्थर उठाकर बड़े भाई अनिकेत के सिर पर कई वार कर दिए। सिर में गंभीर चोट लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा।
सुबह तक कराहता रहा, नहीं मिला इलाज
घटना के बाद घर में सन्नाटा छा गया। आरोप है कि घायल अनिकेत को उपचार के लिए अस्पताल नहीं ले जाया गया। मां लक्ष्मी देवी ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे तक अनिकेत की सांसें चल रही थीं और वह दर्द से कराह रहा था। वह उसे डॉक्टर के पास ले जाना चाहती थीं, लेकिन छोटे बेटे के डर के कारण घर से बाहर नहीं निकल सकीं।
मां के मुताबिक, सुबह अविरल ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। वह पूरे दिन घर के भीतर ही रही। सोमवार शाम करीब छह बजे मोहल्ले के लोगों को अनिकेत की मौत की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
मां के सामने बेटे की मौत, घर में मचा कोहराम
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घर के भीतर अनिकेत का शव मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और अविरल को हिरासत में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। बेटे की मौत से मां लक्ष्मी देवी बदहवास हो गईं। वह कभी अपना नाम लक्ष्मी देवी बतातीं तो कभी कमलेश। घर में मातम पसरा रहा।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई। अनिकेत के सिर के पिछले हिस्से में गहरा घाव दिखाई दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी गौरव कुमार विश्नोई के अनुसार, शुरुआती तौर पर सिर में चोट लगने के बाद समय पर उपचार न मिलना मौत की वजह हो सकता है। हालांकि, वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
एएसपी/सीओ सिविल लाइन दीक्षा भौरिया ने बताया कि घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिला है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट से मौत की वजह और समय का पता चलेगा। हिरासत में लिए गए भाई से पूछताछ की जा रही है।


No comments:
Post a Comment