मनीला में पीएम मोदी का भव्य स्वागत, भारतीय समुदाय ने भांगड़ा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां
23वें ASEAN-इंडिया और 21वें ईस्ट एशिया समिट में लेंगे हिस्सा, प्रवासी भारतीयों को बताया भारत-फिलीपींस की दोस्ती का मजबूत सेतु
मनीला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंचे। यहां भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत समारोह में बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, बॉलीवुड गीतों और भांगड़ा ने माहौल को उत्साह से भर दिया। प्रधानमंत्री ने इस आत्मीय स्वागत पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि प्रवासी भारतीय अपनी संस्कृति और परंपराओं को सहेजने के साथ भारत और फिलीपींस के संबंधों को भी मजबूती दे रहे हैं।
सांस्कृतिक विरासत में दिखी दोनों देशों की नजदीकी
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारतीय समुदाय से मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने कहा कि मनीला में भारतीय समुदाय के लोगों से मिलना उनके लिए सुखद अनुभव रहा। कार्यक्रम में भारत और फिलीपींस के गहरे सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक संबंधों की झलक देखने को मिली।
इस दौरान दोनों देशों के बच्चों ने पूर्ण कुंभ श्लोक का पाठ किया। इसके बाद बॉलीवुड और भांगड़ा की रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं। प्रधानमंत्री ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक रिश्तों को और मजबूत बनाते हैं।
प्राचीन धरोहरों ने दिलाई साझा इतिहास की याद
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने 'अगुसान की गोल्डन तारा' और नौवीं-दसवीं सदी के ऐतिहासिक 'लगुना कॉपरप्लेट शिलालेख' की प्रतिकृतियां भी देखीं। इन धरोहरों को भारत और फिलीपींस के बीच सदियों पुराने ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक जुड़ाव का प्रतीक माना जाता है।
क्षेत्रीय साझेदारी को मजबूत करने पर होगी चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर 23वें ASEAN-इंडिया समिट और 21वें ईस्ट एशिया समिट में शामिल होने पहुंचे हैं। इन बैठकों में क्षेत्रीय सहयोग, व्यापार, आर्थिक विकास, कनेक्टिविटी, समुद्री सुरक्षा और तकनीकी साझेदारी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।
मनीला रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने कहा था कि ASEAN के साथ भारत के संबंध सदियों पुराने सांस्कृतिक और सभ्यतागत जुड़ाव पर आधारित हैं। समय के साथ ये रिश्ते व्यापक रणनीतिक साझेदारी में बदल चुके हैं। अब इनमें व्यापार, बुनियादी ढांचे की कनेक्टिविटी, समुद्री सहयोग, तकनीक और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्र भी शामिल हैं।
प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि शिखर सम्मेलन के दौरान क्षेत्रीय नेताओं के साथ बातचीत से भारत और ASEAN के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही आर्थिक विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और साझा समृद्धि के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने का रास्ता भी तैयार होगा।


No comments:
Post a Comment