कोलकाता नगर निगम चुनाव पर हाईकोर्ट की रोक, 6 नवंबर तक अधिसूचना जारी नहीं कर सकेगी ममता सरकार
वार्डों की संख्या 144 से बढ़ाकर 209 करने के परिसीमन को अदालत में चुनौती, राजनीतिक पक्षपात के आरोप; हाईकोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में कोलकाता नगर निगम चुनाव को लेकर कानूनी पेच फंस गया है। कलकत्ता हाईकोर्ट ने नगर निगम चुनाव की अधिसूचना जारी करने पर 6 नवंबर तक अंतरिम रोक लगा दी है। अदालत ने यह आदेश वार्डों के परिसीमन को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया। अब चुनाव की आगे की प्रक्रिया हाईकोर्ट के फैसले पर निर्भर करेगी।
144 से बढ़ाकर 209 कर दिए गए वार्ड
कोलकाता नगर निगम में वार्डों की संख्या बढ़ाने और उनकी सीमाओं के नए सिरे से निर्धारण को लेकर विवाद शुरू हुआ है। दरअसल, 11 सितंबर को जारी अधिसूचना के तहत नगर निगम के वार्डों की संख्या 144 से बढ़ाकर 209 कर दी गई थी। सीपीआई (एम) नेता और स्थानीय निवासी दीपू दास ने इस अधिसूचना को हाईकोर्ट में चुनौती दी है।
परिसीमन प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं होने का आरोप
याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया है कि वार्डों की सीमाएं तय करने की प्रक्रिया पारदर्शी और वैज्ञानिक तरीके से पूरी नहीं की गई। उनका कहना है कि परिसीमन में जनसंख्या को आधार बनाने के बजाय मतदाता सूची का इस्तेमाल किया गया। याचिका में यह भी आशंका जताई गई है कि नई वार्ड सीमाएं इस तरह निर्धारित की गई हैं, जिससे सत्ताधारी पार्टी को चुनावी लाभ मिल सके।
6 नवंबर तक सरकार को करना होगा इंतजार
4 नवंबर को हाईकोर्ट की वेकेशन बेंच ने सुनवाई के दौरान कहा कि परिसीमन को लेकर दाखिल याचिका पर फैसला आने से पहले चुनाव कार्यक्रम घोषित नहीं किया जाना चाहिए। अदालत ने मामले में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। शुक्रवार यानी 6 नवंबर तक फैसले की उम्मीद है।
फैसले पर टिकी चुनाव प्रक्रिया
हाईकोर्ट के अंतरिम आदेश के बाद राज्य सरकार फिलहाल 6 नवंबर तक कोलकाता नगर निगम चुनाव की अधिसूचना जारी नहीं कर सकेगी। अदालत यदि परिसीमन प्रक्रिया को वैध ठहराती है तो चुनाव की राह साफ हो सकती है, जबकि इसके विपरीत फैसला आने पर वार्डों के पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया पर दोबारा विचार करना पड़ सकता है। फिलहाल सभी की निगाहें हाईकोर्ट के फैसले पर टिकी हैं।


No comments:
Post a Comment