मुंबई के 25 मंजिला टावर की 23वीं मंजिल पर लगी आग, एक व्यक्ति घायल; दो बच्चों को अस्पताल में कराया भर्ती

घाटकोपर के पंतनगर स्थित रॉयल अल्टेजा बिल्डिंग में रात आठ बजे हुआ हादसा, दमकल की 7-8 गाड़ियों ने पाया आग पर काबू; एहतियातन पूरी इमारत खाली कराई गई

मुंबई। मुंबई के घाटकोपर पूर्व स्थित पंतनगर इलाके में शुक्रवार रात एक रिहायशी हाईराइज इमारत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। रॉयल अल्टेजा नाम की ग्राउंड प्लस 25 मंजिला इमारत की 23वीं मंजिल पर अचानक आग की लपटें उठने लगीं। ऊंची मंजिल से उठते धुएं और आग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 7 से 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

रात 8:08 बजे मिली आग की सूचना

दमकल विभाग को 6 नवंबर की रात करीब 8:08 बजे इमारत में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद रात 8:30 बजे आग को लेवल-1 घोषित किया गया। मौके पर मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, अडानी, पीडब्ल्यूडी और वार्ड स्टाफ की टीमें पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सुरक्षा के लिहाज से पूरी इमारत को तत्काल खाली करा लिया गया।

एक व्यक्ति घायल, दो बच्चों को सांस लेने में हुई दिक्कत

हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, धुएं के कारण दम घुटने की शिकायत के बाद दो बच्चों को जेनोवा अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी स्थिति की विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग पर काबू पाने के बाद भी दमकल और पुलिस की टीमें इमारत में तलाशी अभियान चला रही हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अंदर कोई व्यक्ति फंसा न रह गया हो।

मेयर ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े भी घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने आग पर काबू पाए जाने और एहतियातन पूरी इमारत खाली कराए जाने की जानकारी दी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई गई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts