पूर्व रणजी खिलाड़ी के घर दिनदहाड़े 25 लाख की चोरी, 10 लाख नकदी और 15 लाख के जेवर ले उड़े चोर
शॉपिंग करने गया था परिवार, आधे घंटे में खंगाल दिया मकान; सीसीटीवी में कैद हुए दो संदिग्ध
मेरठ। शहर में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब दिनदहाड़े बंद मकान भी सुरक्षित नहीं हैं। नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर सेक्टर-13 में रविवार को चोरों ने पूर्व रणजी खिलाड़ी के घर को निशाना बनाते हुए करीब 25 लाख रुपये की चोरी कर ली। चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और 10 लाख रुपये की नकदी के अलावा करीब 15 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। चोरी की वारदात मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
आधे घंटे में साफ कर दिया घर
शास्त्रीनगर सेक्टर-13 स्थित मकान नंबर 566 में पूर्व रणजी खिलाड़ी आशु शर्मा अपने परिवार के साथ रहते हैं। वह वर्तमान में रेलवे में हापुड़ में तैनात हैं। आशु शर्मा ने बताया कि रविवार दोपहर करीब एक बजे वह अपनी पत्नी, बेटे और बेटी के साथ खरीदारी करने हापुड़ अड्डे गए थे। घर पर ताला लगा हुआ था। करीब आधे घंटे बाद परिवार वापस लौटा तो मकान का मुख्य दरवाजा टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था।
10 लाख नकदी और 10 तोले सोने के जेवर चोरी
घर के अंदर का नजारा देखकर परिवार के होश उड़ गए। जांच करने पर पता चला कि चोर अलमारियों में रखे करीब 10 लाख रुपये नकद और लगभग 10 तोले सोने के अलावा चांदी के आभूषण समेत करीब 15 लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए। कुल चोरी की कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई गई है। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। रोती हुई बेटी को परिजन किसी तरह संभालते नजर आए।
सीसीटीवी में दिखे दो चोर, तलाश में जुटी पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही नौचंदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर दो संदिग्ध चोर दिखाई दिए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि चोरी के मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment