दीपावली से पहले योगी सरकार का कर्मचारियों को तोहफा, 14.50 लाख को मिलेगा बोनस

30 दिन के बोनस को मंजूरी, अधिकतम 6,908 रुपये मिलेंगे; 75 फीसदी रकम पीएफ और 25 फीसदी नकद दी जाएगी

लखनऊ। दीपावली से पहले उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य के लाखों कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पात्र कर्मचारियों को 30 दिन का बोनस देने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। गुरुवार शाम वित्त विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने शासनादेश जारी कर दिया। इस फैसले से प्रदेश के करीब 14.50 लाख कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

शासनादेश के अनुसार, पात्र कर्मचारियों को अधिकतम 6,908 रुपये बोनस मिलेगा। इसकी 25 प्रतिशत राशि नकद दी जाएगी, जबकि शेष 75 प्रतिशत रकम कर्मचारी के भविष्य निधि (पीएफ) खाते में जमा की जाएगी। जिन कर्मचारियों का पीएफ खाता नहीं है, उनके हिस्से की राशि राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र (एनएससी) या पब्लिक प्रोविडेंट फंड (पीपीएफ) में जमा कराई जाएगी।

अराजपत्रित कर्मचारियों से लेकर शिक्षण संस्थानों तक लाभ

बोनस का लाभ अराजपत्रित राज्य कर्मचारियों के साथ सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों के पात्र कर्मचारियों को मिलेगा। 47,600 से 1,51,100 रुपये तक के वेतनमान वाले कर्मचारी भी निर्धारित शर्तों के तहत इसके दायरे में आएंगे। पुराने वेतनमान में 4,800 रुपये ग्रेड पे तक के अराजपत्रित कर्मचारी भी पात्र होंगे।

7 हजार रुपये वेतन के आधार पर गणना

बोनस की गणना के लिए अधिकतम मासिक वेतन 7,000 रुपये निर्धारित किया गया है। इसी आधार पर 30 दिन का अधिकतम बोनस 6,908 रुपये तय हुआ है। हालांकि, वास्तविक भुगतान पात्रता और शासनादेश में निर्धारित शर्तों के अनुसार किया जाएगा।

रिटायर होने वालों को पूरा बोनस नकद

सरकार ने सेवानिवृत्त और जल्द रिटायर होने वाले पात्र कर्मचारियों को राहत दी है। 31 मार्च 2026 के बाद सेवानिवृत्त हो चुके या 30 अप्रैल 2027 तक सेवानिवृत्त होने वाले पात्र कर्मचारियों को बोनस की पूरी राशि नकद दी जाएगी।

दैनिक वेतनभोगियों को भी राहत

दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी बोनस का लाभ मिलेगा। इसके लिए उनका लगातार तीन साल तक काम करना जरूरी है। छह दिन के कार्य सप्ताह में प्रत्येक वर्ष कम से कम 240 दिन और पांच दिन के कार्य सप्ताह में 206 दिन काम करने की शर्त रखी गई है। ऐसे पात्र कर्मचारियों को अधिकतम 1,184 रुपये बोनस दिया जाएगा।

सरकार के इस फैसले से दीपावली से पहले कर्मचारियों के घरों में अतिरिक्त खुशियां आने की उम्मीद है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts