कार्टेल सरगना की गिरफ्तारी से मेक्सिको में मचा खूनी कोहराम, रातभर गोलियों की गूंज; चार सैनिकों समेत 11 की मौत
सबहेड: एफबीआई की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था ड्रग माफिया एल चापो इसिड्रो, गिरफ्तारी के बाद समर्थकों ने सड़कों पर फूंके वाहन, 10 जगह लगाए अवरोध
मेक्सिको सिटी (एजेंसी)। मेक्सिको में कुख्यात ड्रग कार्टेल सरगना की गिरफ्तारी के बाद हिंसा का ऐसा तांडव मचा कि पूरा शहर दहशत में आ गया। सिनालोआ राज्य के गुआसावे में सुरक्षा बलों और कार्टेल के हथियारबंद सदस्यों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इसमें सात कथित अपराधियों और चार सैनिकों समेत 11 लोगों की मौत हो गई। रातभर चली गोलीबारी के दौरान सड़कों पर वाहन जलते रहे और आसमान में सैन्य हेलीकॉप्टर मंडराते रहे। लोगों ने दुकानों और घरों में छिपकर अपनी जान बचाई।
50 लाख डॉलर का था इनाम
मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, सुरक्षा बलों ने शनिवार को कुख्यात ड्रग माफिया फॉस्टो इसिड्रो मेजा-फ्लोरेस उर्फ 'एल चापो इसिड्रो' को गिरफ्तार कर लिया। वह एफबीआई की दस सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की सूची में शामिल था। अमेरिका ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले के लिए 50 लाख डॉलर (करीब 42 करोड़ रुपये) का इनाम घोषित कर रखा था। गिरफ्तारी के बाद उसे सैन्य विमान से राजधानी मेक्सिको सिटी ले जाया गया।
जलते वाहनों से रास्ते बंद, रातभर दहशत
स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब सात बजे गुआसावे में गोलीबारी शुरू हुई। देखते ही देखते हिंसा कई इलाकों में फैल गई। कार्टेल के सदस्यों ने कारों और ट्रकों में आग लगा दी। जलते वाहनों के जरिए कम से कम 10 स्थानों पर सड़कें जाम कर दी गईं। सैन्य हेलीकॉप्टर और ड्रोन लगातार आसमान में निगरानी करते रहे। हालात इतने खराब हो गए कि दमकलकर्मियों को भी अपने स्टेशन में छिपकर रात गुजारनी पड़ी।
इमारत घेरकर चलाया गया ऑपरेशन
अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा बलों को गोपनीय सूचना मिली थी कि मेजा-फ्लोरेस एक इमारत में मौजूद है। इसके बाद सेना ने इलाके की घेराबंदी कर दी। इसी दौरान कार्टेल के हथियारबंद सदस्यों ने सुरक्षा बलों पर हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में सात कथित अपराधी मारे गए और चार सैनिकों की भी जान चली गई। अभियान के दौरान कुल आठ लोगों को हिरासत में लिया गया।
बेल्ट्रान लेवा कार्टेल से जुड़ा था सरगना
एल चापो इसिड्रो बेल्ट्रान लेवा कार्टेल का प्रमुख रह चुका था। बाद में उसने अपना अलग आपराधिक संगठन खड़ा कर लिया। अमेरिकी एजेंसियां उसे मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों के मामलों में तलाश रही थीं। वह सिनालोआ कार्टेल के लॉस मायोस गुट का भी अहम सहयोगी माना जाता था।
अमेरिका की खुफिया जानकारी से मिली मदद
मेक्सिको सरकार की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, इस अभियान में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन से मिली खुफिया जानकारी की अहम भूमिका रही। अमेरिका के राजदूत रोनाल्ड जॉनसन ने गिरफ्तारी को दोनों देशों के बीच सहयोग और विश्वास का परिणाम बताया। मेक्सिको के सुरक्षा सचिव उमर गार्सिया हार्फुच ने इसे सिनालोआ में शांति स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
गिरफ्तारी के बाद बढ़ सकती है गैंगवार
सुरक्षा विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि बड़े कार्टेल सरगना की गिरफ्तारी के बाद संगठन में नेतृत्व को लेकर संघर्ष बढ़ सकता है। इससे आपराधिक गुटों के बीच हिंसा और तेज होने का खतरा है। विशेषज्ञों का मानना है कि किसी एक सरगना की गिरफ्तारी से पूरा नेटवर्क खत्म नहीं होता। ऐसे में मेक्सिको के सिनालोआ राज्य में शांति बहाल करना सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बना रहेगा।


No comments:
Post a Comment