अभिजीत दीपके ने समर्थकों से कहा- घर जाएं, अगले ही दिन प्रशांत भूषण ने घोषित किया प्रोटेस्ट मार्च

23 अक्टूबर को ‘पीपुल्स मार्च’ निकालने का ऐलान, एसआईआर के खिलाफ चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप; विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के दलों से भी शामिल होने की अपील

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रमुख अभिजीत दीपके की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अभियान को कुछ दिनों के लिए विराम देने और समर्थकों को घर लौटने की अपील के अगले ही दिन विरोध प्रदर्शन का नया ऐलान हो गया। सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने बुधवार को 23 अक्टूबर को ‘पीपुल्स मार्च’ निकालने की घोषणा की। यह मार्च चुनाव आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के विरोध में ‘पीपल अगेंस्ट एसआईआर’ के बैनर तले निकाला जाएगा।

लोकतंत्र पर हमले का लगाया आरोप

प्रशांत भूषण ने सोशल मीडिया पर मीडिया के नाम जारी पत्र में दावा किया कि भारतीय लोकतंत्र गहरे संकट से गुजर रहा है और चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित किया गया है। उन्होंने मतदाता सूची में हेरफेर का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। भूषण ने अपने पत्र में केंद्र की मोदी-शाह सरकार के प्रति आयोग के कथित झुकाव का भी आरोप लगाया।

उन्होंने नागरिकों से विरोध मार्च में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र पर हो रहे हमले के खिलाफ लोगों को सड़कों पर उतरकर अपनी आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने यह भी दावा किया कि युवा प्रदर्शन कर रहे हैं और कई लोग जेल में हैं।

विपक्षी दलों से भी शामिल होने की अपील

प्रशांत भूषण ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के विभिन्न दलों से भी ‘पीपुल्स मार्च’ में शामिल होने का आह्वान किया है। उनके मुताबिक, इस मार्च का उद्देश्य एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ विरोध दर्ज कराना और चुनावी प्रक्रिया में निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाना है।

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह नई दिल्ली के प्रेस क्लब में सीजेपी की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रशांत भूषण भी शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने राजनीतिक व्यवस्था में बदलाव से जुड़ी टिप्पणी की थी। अब अभिजीत दीपके की ओर से अभियान में विराम की घोषणा के बाद प्रशांत भूषण के नए ऐलान से विरोध प्रदर्शन को लेकर गतिविधियां फिर तेज होने के संकेत मिले हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts