मिजोरम में खाई में गिरी कार, तीन अधिकारियों की मौत
दूरदर्शन निदेशक और पीआईबी एडीजी भी मृतकों में शामिल
आइजोल (एजेंसी)।आइजोल से लगभग 30 किलोमीटर दक्षिण में सताएक गांव के पास एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक गहरी खाई में कार गिरने से केंद्र सरकार के तीन अधिकारियों की मौत हो गई।
प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) के एक अधिकारी ने बताया कि इन लोगों में आइजोल दूरदर्शन के डायरेक्टर (न्यूज) नाम्पिबोउ मारिनमाई और इंफाल पीआईबी के एडिशनल डायरेक्टर जनरल एंगम पामे शामिल थे। अधिकारी ने बताया कि शवों के पोस्टमार्टम के बाद दूरदर्शन और पीआईबी के अधिकारियों का शव मणिपुर में उनके गृहनगर भेजा जाएगा। अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में सेंट्रल ब्यूरो ऑफ कम्युनिकेशन के स्थानीय फील्ड ऑफिस के मल्टी-टास्किंग स्टाफ सदस्य एच. लियानवेला की भी मौत हो गई।
पीआईबी अधिकारी ने बताया कि ये चारों लोग सियल्सुक गांव में एडिशनल डायरेक्टर जनरल एंगम पामे के भाई की याद में पेड़ लगाने के बाद आइजोल लौट रहे थे। जनरल एंगम पामे के भाई की एक हादसे में मौत हो गई थी। ड्राइवर को रास्ते में अचानक बेचैनी महसूस हुई और वह अपने हाथ-पैर हिलाने या आंखें खोलने में असमर्थ हो गया, जिससे गाड़ी सड़क से उतरकर खाई में गिर गई।
तीनों शवों का आज शुक्रवार को पोस्टमार्टम होना है। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद नाम्पिबोउ मारिनमाई और जनरल एंगम पामे के शवों को मणिपुर में उनके पैतृक स्थानों पर भेजा जाएगा।


No comments:
Post a Comment