भू-उपयोग परिवर्तन होगा आसान, शुल्क में कटौती के साथ प्रक्रिया भी हुई समयबद्ध

भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क नियमों में बड़े बदलाव

मेरठ। उत्तर प्रदेश शासन के आवास एवं शहरी नियोजन विभाग ने प्रदेश में शहरी क्षेत्रों के सुनियोजित विकास को बढ़ावा देने और भूमि उपयोग परिवर्तन की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी तथा समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण संशोधन जारी किए हैं। 22 सितंबर 2026 को जारी अधिसूचना संख्या-एलयूसी-179/आठ-8-2026/8-8099/804/2025 के माध्यम से उत्तर प्रदेश नगर योजना और विकास (भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क का निर्धारण, उद्ग्रहण एवं संग्रहण) नियमावली, 2014 में तीसरा संशोधन किया गया है। यह नियमावली सरकारी गजट में प्रकाशन की तिथि से प्रभावी होगी और प्रदेश के सभी विकास क्षेत्रों पर लागू होगी।

नए नियमों का मुख्य उद्देश्य भूमि उपयोग परिवर्तन शुल्क की दरों को युक्तिसंगत बनाना, प्रक्रिया को सरलीकृत करना और भारत सरकार की ईज ऑफ डूइंग बिजनेस (ईओडीबी) पहल के अनुरूप ऑनलाइन व्यवस्था को मजबूत करना है। संशोधन में विशेष रूप से 6000 वर्ग मीटर तक की अधिकांश श्रेणियों में भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क में कमी की गई है। साथ ही, प्रत्येक श्रेणी में संचयी एक प्रतिशत की सीमा तक भूमि उपयोग परिवर्तन करने का अधिकार विकास प्राधिकरणों को प्रतिनिहित किया गया है। विभिन्न चरणों के लिए स्पष्ट समय-सीमाएं निर्धारित की गई हैं, जिससे अनुमोदन प्रक्रिया में होने वाले विलंब को कम किया जा सके।

नियम-3 में संशोधन के अनुसार, किसी विकास क्षेत्र में भूमि का भू-उपयोग परिवर्तन अधिनियम की धारा-13 के अधीन महायोजना या परिक्षेत्रीय विकास योजना में संशोधन के फलस्वरूप किया जाता है तो प्राधिकरण संबंधित भू-स्वामी से निर्धारित प्रक्रिया और दरों पर शुल्क वसूलने का हकदार होगा। हालांकि कुछ परिस्थितियों में शुल्क नहीं लिया जाएगा—जैसे जहां भूमि केंद्रीय या राज्य सरकार अथवा स्थानीय निकाय के स्वामित्व में हो, या जहां शुल्क का भुगतान अधिनियम के अधीन राज्य सरकार द्वारा छूट प्रदान की गई हो।

नियम-4 में शुल्क निर्धारण की विधि को स्पष्ट किया गया है। प्राधिकरण की स्कीम में भूमि खंड के संपूर्ण क्षेत्रफल को निर्धारित सेक्टर रेट से गुणा कर शुल्क निकाला जाएगा। यदि सेक्टर रेट उपलब्ध न हो तो निकटतम स्कीम का रेट लागू होगा। भूमि के क्षेत्रफल के आधार पर गुणांक भी निर्धारित किए गए हैं—0.25 हेक्टेयर तक 1.0, 0.25 से 1.0 हेक्टेयर तक 0.9, 1.0 से 5.0 हेक्टेयर तक 0.8, 5.0 से 10.0 हेक्टेयर तक 0.7 और 10.0 हेक्टेयर से अधिक पर 0.6। टेलिस्कोपिक आधार पर गणना की व्यवस्था भी बरकरार रखी गई है।

नियम-5 में आवेदन प्रक्रिया को विस्तार से संशोधित किया गया है। आवेदक को प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के समक्ष निर्धारित दस्तावेजों—भूमि का विवरण, स्वामित्व/विक्रय विलेख, यथास्थिति भूमि उपयोग, प्रस्तावित उपयोग और आवेदन शुल्क (न्यूनतम 1000 रुपये प्रति हेक्टेयर)—के साथ आवेदन प्रस्तुत करना होगा। 6000 वर्ग मीटर या उससे कम क्षेत्रफल वाले मामलों में और जहां प्रस्तावित परिवर्तन अनुमोदित महायोजना की भूमि उपयोग श्रेणी में निर्धारित प्रतिशत से अधिक न हो, वहां सरलीकृत प्रक्रिया अपनाई जाएगी। आवेदनों की समीक्षा विकास प्राधिकरण और नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से की जाएगी तथा 22 दिनों के भीतर प्राधिकरण को संस्तुतियां प्रस्तुत की जाएंगी।

आपत्तियों और सुझावों पर विचार के लिए विशेष समिति का गठन किया गया है, जिसमें उपाध्यक्ष, जिला मजिस्ट्रेट या उनके प्रतिनिधि, नगर आयुक्त, सहयुक्त नियोजक, मंडलायुक्त द्वारा नामित प्रतिनिधि और मुख्य नगर नियोजक शामिल होंगे। समिति की सिफारिशें प्राधिकरण बोर्ड की अगली बैठक में रखी जाएंगी। अनुमोदन के बाद 15 दिनों के भीतर आवेदक को सूचित किया जाएगा और शुल्क भुगतान के लिए मांग नोटिस जारी किया जाएगा।

नियम-6 के अनुसार, आवेदक मांग नोटिस के तीन माह के भीतर पूर्ण राशि जमा कर सकता है। उपाध्यक्ष चार त्रैमासिक किस्तों में एमसीएलआर+1 प्रतिशत ब्याज के साथ भुगतान की अनुमति दे सकते हैं, बशर्ते एक वर्ष के भीतर पूरी राशि जमा हो जाए। भुगतान न करने पर अनुमति व्यपगत मानी जाएगी। नियम-7 में प्रकाशन संबंधी प्रावधानों को भी अद्यतन किया गया है। संशोधन की सूचना कम से कम एक समाचार पत्र और प्राधिकरण की वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी।

प्रमुख सचिव पी0 गुरूप्रसाद ने सभी विकास प्राधिकरणों, विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरणों, विनियमित क्षेत्रों तथा आवास एवं विकास परिषद को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने अधिनियमों के अधीन विहित प्रक्रिया के अनुसार इन नियमों को अंगीकृत करें। विशेष सचिव राजेश कुमार राय ने सभी संबंधित विभागों, जिलाधिकारियों, मंडलायुक्तों और अन्य अधिकारियों को अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। आवास बंधु को निर्देश दिया गया है कि अधिसूचना को विभाग की वेबसाइट पर तुरंत अपलोड किया जाए।


ये संशोधन प्रदेश में निवेशकों और आम नागरिकों के लिए भूमि उपयोग परिवर्तन की प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाएंगे तथा शहरी नियोजन को गति देंगे। न्यू हेडिंग

No comments:

Post a Comment

Popular Posts