पीईटी के लिए रोडवेज बढ़ाएगा बसों के फेरे, सुबह से मिलेगी अतिरिक्त सुविधा

मेरठ के 48 केंद्रों पर परीक्षा, करीब 40 हजार अभ्यर्थियों के पहुंचने का अनुमान; पांचों डिपो को अलर्ट रहने के निर्देश

मेरठ। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को लेकर रोडवेज ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को मेरठ के 48 केंद्रों पर होने वाली परीक्षा में अभ्यर्थियों की आवाजाही को देखते हुए सुबह से बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। जिन मार्गों पर यात्रियों की संख्या अधिक रहेगी, वहां जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसें भी चलाई जाएंगी। परिवहन निगम ने इसके लिए परिक्षेत्र के पांचों डिपो के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से पीईटी की परीक्षा 30 अक्टूबर और एक नवंबर को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक होगी। परीक्षा के दौरान मेरठ में करीब 40 हजार अभ्यर्थियों के पहुंचने का अनुमान है। इनमें दूसरे जिलों से आने वाले अभ्यर्थी भी शामिल होंगे। ऐसे में बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है।

पांचों डिपो के अधिकारियों को निर्देश

क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी ने बताया कि भैंसाली, मेरठ, सोहराब गेट, गढ़ और बड़ौत डिपो के एआरएम व डिपो प्रभारियों को बस संचालन की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। अभ्यर्थियों की संख्या और यात्रियों की मांग के अनुसार संबंधित मार्गों पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। बसों के संचालन और यात्रियों की सुविधा पर निगरानी रखने के लिए कंट्रोल रूम भी 24 घंटे सक्रिय रहेगा।

मुरादाबाद-बरेली और अलीगढ़-आगरा रूट पर बढ़ेंगे फेरे

सोहराब गेट डिपो के एआरएम राजीव कुमार ने बताया कि परीक्षा के दौरान मुरादाबाद, बरेली, अलीगढ़ और आगरा मार्ग पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। शुक्रवार सुबह से ही बढ़े हुए फेरों के साथ बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जरूरत के अनुसार बसों को एक मार्ग पर चक्कर पूरा करने के बाद दूसरे मार्ग पर भी लगाया जा सकता है। यात्रियों की संख्या के आधार पर संचालन में बदलाव किया जाएगा, ताकि अभ्यर्थी समय से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें और उन्हें परीक्षा केंद्र तक जाने में परेशानी न हो।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts