सीसीएसयू के दशहरा मेले में छात्राओं ने सजाए स्वाद के स्टॉल, पाक कला के साथ दिखाया उद्यमिता कौशल

गोलगप्पे से मिलेट खीर तक व्यंजनों ने खींचा ध्यान, सर्वश्रेष्ठ स्टॉल प्रतियोगिता में रिया प्रथम, वर्षा द्वितीय और आयशा सलीम तृतीय रहीं

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) के गृह विज्ञान विभाग में दशहरा मेले की थीम पर कैफेटेरिया का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के निर्देशन में आयोजित मेले में छात्राओं ने विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाकर अपनी पाक कला, रचनात्मकता और उद्यमिता कौशल का प्रदर्शन किया। स्वादिष्ट व्यंजनों से सजे स्टॉल मेले में आकर्षण का केंद्र रहे।

मेले का शुभारंभ प्रो. मृदुल कुमार गुप्ता, प्रो. बीरपाल सिंह, प्रो. दिनेश शर्मा, प्रो. दुष्यंत कुमार चौहान और प्रो. बिंदु शर्मा ने किया। छात्राओं ने गोलगप्पा चाट, पाव भाजी, कढ़ी-चावल, राजमा-चावल, पास्ता, मिलेट खीर और गुलाब जामुन समेत कई व्यंजन प्रस्तुत किए। स्टॉल के माध्यम से छात्राओं ने भोजन तैयार करने के साथ उसकी प्रस्तुति और बिक्री से जुड़े व्यावहारिक अनुभव भी हासिल किए।

स्वरोजगार की दिशा में उपयोगी पहल

विश्वविद्यालय के निदेशक रैंकिंग प्रो. मृदुल कुमार गुप्ता ने कहा कि इस तरह के आयोजन छात्राओं की रचनात्मकता और उद्यमिता कौशल को सामने लाने का अच्छा माध्यम हैं। निदेशक शोध प्रो. बीरपाल सिंह ने कहा कि ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में नवाचार और आत्मविश्वास बढ़ता है। ये भविष्य में स्वरोजगार के अवसर विकसित करने में भी सहायक हो सकती हैं।

प्रो. बिंदु शर्मा ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर देते हैं।

रिया का स्टॉल रहा सर्वश्रेष्ठ

सर्वश्रेष्ठ स्टॉल प्रतियोगिता में रिया ने प्रथम, वर्षा ने द्वितीय और आयशा सलीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर डॉ. श्वेता शर्मा, डॉ. निधि चौधरी, डॉ. इरम मुमताज, नेहा शर्मा, ममता, गिरिराज, प्रमोद और राजू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts