केएल इंटरनेशनल स्कूल में अरुण गोविल ने किया रावण दहन
भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश, विद्यार्थियों ने रामलीला प्रसंगों की प्रस्तुति दी
मेरठ। केएल इंटरनेशनल स्कूल में दशहरा एवं दुर्गा पूजा महोत्सव के अवसर पर हर्षोल्लास, श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रामानंद सागर के लोकप्रिय धारावाहिक रामायण में भगवान श्रीराम की भूमिका निभाने वाले प्रसिद्ध अभिनेता एवं मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद अरुण गोविल मुख्य आकर्षण रहे। उनके आगमन पर विद्यालय परिवार ने स्वागत किया।
कार्यक्रम में भाजपा के जिलाध्यक्ष विवेक रस्तोगी, शिक्षक एमएलसी चुनाव संयोजक अरविंद गुप्ता मारवाड़ी और संजय त्यागी भी उपस्थित रहे। विद्यालय के वाइस चेयरमैन तेजेंद्र खुराना, निदेशक हरनीत खुराना और प्रधानाचार्य सुधांशु शेखर ने अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए आभार व्यक्त किया।
विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए रामलीला के प्रसंग
समारोह में विद्यार्थियों ने पारंपरिक नृत्यों के माध्यम से रामलीला के विभिन्न प्रसंगों को संक्षिप्त रूप में प्रस्तुत किया। प्रस्तुतियों ने भगवान श्रीराम के जीवन और उनके आदर्शों को जीवंत किया।
इस अवसर पर अरुण गोविल ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में शिक्षकों और विद्यार्थियों को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, सत्य, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि श्रीराम का जीवन हमें सत्य के मार्ग पर चलने और अपने कर्तव्यों का पालन करने की प्रेरणा देता है।
रावण दहन के साथ दिया बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण भव्य रावण दहन समारोह रहा। भगवान श्रीराम के स्वरूप में उपस्थित अरुण गोविल ने रावण दहन किया। इस अवसर पर उन्होंने बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया। पूरे आयोजन में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।


No comments:
Post a Comment