सुभारती में एलुम्नाई मीट और फ्रेशर्स पार्टी, पूर्व विद्यार्थियों ने साझा किए अनुभव
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन विभाग में एलुम्नाई मीट एवं फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन उत्साह के साथ किया गया। इसमें पूर्व विद्यार्थियों, वरिष्ठ विद्यार्थियों और नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व विद्यार्थियों के अनुभवों से नई पीढ़ी को मार्गदर्शन देना और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में व्यावसायिक सहयोग को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज, कार्यकारी अधिकारी डॉ. कृष्णमूर्ति, प्रति-कुलपति प्रो. (डॉ.) मुनिश सी. रेड्डी, डीन डॉ. एम.के. मित्तल, डॉ. एच.एस. मिन्हास और डॉ. डी.सी. सक्सेना सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए कुशल प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता, नवाचार और व्यावसायिक दक्षता जरूरी है। अस्पतालों में रोगी सुरक्षा और सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने में हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन की महत्वपूर्ण भूमिका है।
विभाग की निदेशक डॉ. निधि बंसल ने अतिथियों, पूर्व विद्यार्थियों और नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन अस्पतालों के संचालन के साथ-साथ संसाधनों के प्रभावी उपयोग, रोगी सुरक्षा, रणनीतिक निर्णय और स्वास्थ्य संस्थानों के विकास का महत्वपूर्ण आधार है।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘क्विक नेटवर्किंग राउंड’ रहा। इसमें पूर्व विद्यार्थियों और फैकल्टी सदस्यों ने मेंटर की भूमिका निभाई, जबकि वरिष्ठ एवं नवप्रवेशी विद्यार्थी मेंटी के रूप में शामिल हुए। विद्यार्थियों को अनुभवी पेशेवरों से संवाद करने, करियर संबंधी सवाल पूछने और कार्यक्षेत्र की चुनौतियों को समझने का अवसर मिला।
इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक गतिविधियों और टैलेंट हंट ने कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। फ्रेशर्स पार्टी में करण को मिस्टर फ्रेशर, जसप्रीत को मिस फ्रेशर और अदिति को ‘सीनियर एस अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को आपसी संवाद, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर दिया। साथ ही, पूर्व विद्यार्थियों के अनुभवों को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा और करियर मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण माध्यम बनाया।


No comments:
Post a Comment