चुनाव हारते ही अमेरिका भागे ब्राजील के बोल्सोनारो! पत्नी और दो बेटियां भी साथ, पासपोर्ट रद्द

लूला दा सिल्वा से 48% वोट पाकर हारे फ्लावियो, भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के बीच देश छोड़ने का आरोप; ट्रंप ने अमेरिका में स्वागत की बात कही

ब्राजीलिया,एजेंसी। ब्राजील में राष्ट्रपति चुनाव हारने के बाद दक्षिणपंथी नेता फ्लावियो बोल्सोनारो के अमेरिका रवाना होने की खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, उनकी पत्नी और दो बेटियां भी उनके साथ हैं। इस बीच ब्राजील के अधिकारियों ने उनका पासपोर्ट रद्द कर दिया है। फ्लावियो के खिलाफ भ्रष्टाचार, मनी लॉन्ड्रिंग और कर चोरी से जुड़े मामलों की जांच चल रही है। हालांकि, उनके अमेरिका पहुंचने और राजनीतिक शरण मांगने की स्थिति को लेकर अभी स्पष्ट आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

लूला से चुनाव हारे फ्लावियो

रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को हुए राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे चरण में फ्लावियो बोल्सोनारो को 48 प्रतिशत, जबकि मौजूदा राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा को 52 प्रतिशत वोट मिले। हार के बाद फ्लावियो ने चुनाव परिणामों पर सवाल उठाए थे। उनके अमेरिका जाने की खबर की पुष्टि उनके एक सहयोगी ने की, जबकि एक अमेरिकी अधिकारी ने भी उनके अमेरिका आने की जानकारी दी।

पासपोर्ट जमा करने का मिला था आदेश

ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट ने फ्लावियो को सोमवार को 24 घंटे के भीतर पासपोर्ट जमा करने का आदेश दिया था। निर्धारित समय तक पासपोर्ट जमा नहीं होने पर अधिकारियों को उनके देश छोड़ने की आशंका हुई। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई और मंगलवार शाम तक पासपोर्ट रद्द कर दिए गए। जांच एजेंसियों को आशंका थी कि वह कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए विदेश जा सकते हैं।



ट्रंप ने अमेरिका में स्वागत की बात कही

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि फ्लावियो अमेरिका आना चाहें तो उनका स्वागत है। ट्रंप ने उन्हें अच्छा इंसान बताया और ब्राजील के चुनाव को खराब करार दिया। इससे पहले भी ट्रंप ब्राजील के चुनाव परिणामों पर सवाल उठा चुके हैं। दूसरी ओर, लूला ने अमेरिकी राष्ट्रपति पर ब्राजील के चुनाव में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया था।

अर्जेंटीना के रास्ते जाने की भी चर्चा

फ्लावियो के अमेरिका जाने की खबरों के बीच उनके अर्जेंटीना के रास्ते जाने की अटकलें भी सामने आईं। हालांकि, अर्जेंटीना सरकार ने उनके देश में प्रवेश का कोई रिकॉर्ड होने से इनकार किया। ब्राजील पुलिस के अनुसार, वह किसी आधिकारिक सीमा जांच चौकी से देश छोड़कर नहीं गए। ऐसे में उनकी यात्रा के वास्तविक मार्ग को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

पिता भी चुनाव हारने के बाद गए थे अमेरिका

फ्लावियो के पिता और ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जैर बोल्सोनारो भी 2022 में लूला से चुनाव हारने के बाद अमेरिका चले गए थे। बाद में ब्राजील लौटने पर उन्हें तख्तापलट की साजिश से जुड़े मामले में सजा सुनाई गई थी। फ्लावियो के छोटे भाई एडुआर्डो बोल्सोनारो भी अमेरिका में रहते हैं।

भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे हैं फ्लावियो

फ्लावियो के खिलाफ भ्रष्टाचार, मनी लॉन्ड्रिंग और टैक्स चोरी समेत कई मामलों में जांच चल रही है। इनमें उनके पिता के जीवन पर फिल्म बनाने के लिए धन जुटाने से जुड़ा मामला भी शामिल है। फ्लावियो ने करीब 1.2 करोड़ डॉलर जुटाने की कोशिश की बात स्वीकार की थी, लेकिन किसी भी गलत काम में शामिल होने से इनकार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर यह भी कहा था कि उन्होंने देश छोड़ने के बारे में नहीं सोचा और अपने खिलाफ लगे आरोपों का सामना करेंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts