कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने पीएम मोदी पर कसा तंज
कहा- विपक्ष के सवालों का खुद क्यों नहीं देते जवाब?नई दिल्ली (एजेंसी)।कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को भाजपा पर निशाना साधा। दरअसल, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने परिसीमन संशोधन विधेयक पर चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग को लेकर खरगे को पत्र लिखा था। इस पर ही खरगे ने कहा कि किरेन रिजिजू को उतना ताकत नहीं दी गई है। उनका इस्तेमाल सिर्फ एक मोहरे की तरह किया जा रहा है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए खरगे ने कहा,'उन्हें (किरेन रिजिजू को) उतनी ताकत नहीं दी गई है। उनका इस्तेमाल सिर्फ एक मोहरे की तरह किया जा रहा है, ठीक वैसे ही जैसे वे ज्ञानेश कुमार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी तरह, वे रिजिजू का भी इस्तेमाल कर रहे हैं। वे (प्रधानमंत्री मोदी) खुद किसी को जवाब नहीं देते। हम उन्हें पत्र लिखते हैं, और वे किसी और से उसका जवाब तैयार करवाते हैं। इसका क्या मतलब है? वे विपक्ष के नेताओं का अपमान कर रहे हैं।'
खरगे ने आगे कहा, 'वे सभी विपक्षी दलों का अपमान कर रहे हैं। और वे (प्रधानमंत्री) जवाब क्यों नहीं देते? आपको जवाब देना चाहिए। हम जो कहते हैं, उस पर आपको ध्यान देना चाहिए। क्या आप कानून से ऊपर हैं? क्या आप संविधान से ऊपर हैं? आप 543 सांसदों में से एक हैं, और उनमें आप नंबर एक पर हैं। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि आप जो चाहें, वह कर सकते हैं।' इसके बाद वे कहते हैं कि अगर आपने मन बना ही लिया है कि आप मनमानी करेंगे और तानाशाही दिखाएंगे, तो इस देश की जनता चुप नहीं बैठेगी।


No comments:
Post a Comment