लॉरेंस बिश्नोई को ‘साहब’ कहने पर घिरी दिल्ली पुलिस
अभिजीत दिपके ने उठाए सवाल, पूछा- गैंगस्टरों के लिए इतना सम्मान?नई दिल्ली (एजेंसी)।कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोमवार को दिल्ली पुलिस के एक डीसीपी का पुराना वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में वे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को 'साहब' कहकर संबोधित कर रहे हैं। दिपके ने इस पर सवाल उठाते हुए पूछा कि पुलिस कार्यकर्ताओं और छात्रों के साथ कैसा बर्ताव करती है।
दिपके ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'लॉरेंस बिश्नोई साहब! गैंगस्टरों के लिए दिल्ली पुलिस के मन में कितना सम्मान है। काश, वे छात्रों और कार्यकर्ताओं के प्रति भी इसका 10 प्रतिशत सम्मान दिखाते, जो सिर्फ विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं।'
गौरतलब है कि अगस्त 2025 के आखीर का यह वीडियो उस समय वायरल हो गया था, और अब रविवार को मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर की गई गोलीबारी की घटना की जिम्मेदारी लेने वाले एक सोशल मीडिया पोस्ट के बाद यह वीडियो फिर से सामने आया है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सहयोगी बताए जाने वाले अनिल पंडित के नाम से एक संदेश सामने आया है, जिसमें दावा किया गया है कि इस गोलीबारी की जिम्मेदारी अनिल पंडित और हरमन संधू ने ली है। इस पोस्ट की सच्चाई की जांच की जा रही है।


No comments:
Post a Comment