मेरठ कॉलेज और चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के बीच शोध सहयोग का समझौता

जैव विविधता संरक्षण, जैव प्रौद्योगिकी और पर्यावरण विज्ञान में संयुक्त शोध को मिलेगा बढ़ावा, विद्यार्थियों को प्रशिक्षण व नवाचार के नए अवसर

मेरठ। मेरठ कॉलेज के वनस्पति विज्ञान एवं जन्तु विज्ञान विभाग ने शोध और अकादमिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी, मोहाली के यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर रिसर्च एंड डेवलपमेंट (यूसीआरडी) के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी के माध्यम से दोनों संस्थानों के बीच संयुक्त अनुसंधान, छात्र प्रशिक्षण और शैक्षणिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित किया जाएगा।

समझौते के तहत जैव विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी, पर्यावरण विज्ञान और जैव विविधता संरक्षण के क्षेत्रों में संयुक्त शोध परियोजनाएं संचालित करने, शोध पत्र प्रकाशित करने और संकाय सदस्यों के बीच संवाद बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। इससे विद्यार्थियों और शोधार्थियों को आधुनिक शोध पद्धतियों से जुड़ने तथा अपने ज्ञान को व्यावहारिक रूप देने के अवसर मिलेंगे।

शोध और शैक्षणिक विकास को मिलेगी नई दिशा

मेरठ कॉलेज प्रबंध समिति के सचिव विवेक कुमार गर्ग ने कहा कि यह समझौता महाविद्यालय के शैक्षणिक विकास और शोध गतिविधियों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक शोध पद्धतियों को समझने और व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. नीरज कुमार ने कहा कि दो प्रतिष्ठित संस्थानों के बीच यह साझेदारी अकादमिक सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक होगी। इससे विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण, नवाचार और संयुक्त अनुसंधान के नए रास्ते खुलेंगे।

वैज्ञानिक नवाचार पर दिया जोर

चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर एडवांस्ड कैंसर रिसर्च के निदेशक प्रो. उमेश कुमार ने वैज्ञानिक शोध, नवाचार और अनुसंधान आधारित अध्ययन को बढ़ावा देने में इस तरह के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। वहीं, मेरठ कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रो. हरजिंदर सिंह ने कहा कि समझौते से संयुक्त शोध परियोजनाओं, शोध प्रकाशनों और विद्यार्थी प्रशिक्षण को प्रोत्साहन मिलेगा। कार्यक्रम का संचालन भी प्रो. हरजिंदर सिंह ने किया।

इस अवसर पर आईक्यूएसी संयोजक प्रो. अर्चना सिंह, जन्तु विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. रश्मि मिश्रा, वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. एनपी सिंह, डीन प्रो. अनीता मलिक, प्रो. नूपुर प्रसाद, प्रो. अनुराधा सिंह, प्रो. प्रगति रस्तोगी, प्रेस प्रवक्ता प्रो. सीएस भारद्वाज और डॉ. पंकज कुमार भारती उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts