सजावटी मत्स्य पालन से खुलेंगी स्वरोजगार की राहें
आरजीपीजी कॉलेज में 33 घंटे के सर्टिफिकेट कोर्स का समापन, प्रतिभागियों को बांटे प्रमाणपत्र; जंतु विज्ञान एसोसिएशन का भी हुआ उद्घाटन
मेरठ। रघुनाथ गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज (आरजीपीजी) के जंतु विज्ञान विभाग में संचालित 33 घंटे के सर्टिफिकेट कोर्स ‘ऑर्नामेंटल फिश कल्चर एंड एक्वेरियम मैनेजमेंट’ का बुधवार को समापन हुआ। प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। साथ ही जंतु विज्ञान एसोसिएशन का औपचारिक उद्घाटन भी किया गया। वक्ताओं ने सजावटी मछली पालन और एक्वेरियम प्रबंधन को स्वरोजगार का बेहतर माध्यम बताया।
एक्वेरियम प्रबंधन का मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण
समारोह की शुरुआत प्रतिभागियों के फीडबैक से हुई। विद्यार्थियों ने एक्वेरियम की स्थापना और रखरखाव, सजावटी मछलियों की पहचान, प्रजनन, भोजन प्रबंधन, मछलियों के स्वास्थ्य और जल की गुणवत्ता बनाए रखने से संबंधित प्रशिक्षण की सराहना की। उन्होंने कहा कि व्यावहारिक सत्रों और विशेषज्ञों के व्याख्यानों से उन्हें सजावटी मत्स्य पालन के क्षेत्र में उपयोगी जानकारी मिली।
प्रतिभागियों ने पाठ्यक्रम को कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। इस दौरान छोटे स्तर पर एक्वेरियम व्यवसाय शुरू करने, सजावटी मछलियों के व्यावसायिक उत्पादन और इस क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
लघु उद्योग शुरू करने के लिए किया प्रेरित
सेवानिवृत्त प्रोफेसर कल्पना चौधरी ने अपने व्याख्यान में एक्वेरियम से जुड़े लघु उद्योगों और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही व्यवसाय शुरू करने के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए जंतु विज्ञान विभाग से मार्गदर्शन और परामर्श लेने का सुझाव दिया।
प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। उन्होंने पाठ्यक्रम में विशेष रुचि, प्रतिभा और सक्रिय सहभागिता दिखाने वाले विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कौशलपरक पाठ्यक्रम विद्यार्थियों के ज्ञान, आत्मविश्वास और रोजगार क्षमता को बढ़ाने में सहायक हैं।
जंतु विज्ञान एसोसिएशन का उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त प्रो. कल्पना चौधरी ने जंतु विज्ञान एसोसिएशन के पदाधिकारियों को बैज पहनाकर एसोसिएशन का उद्घाटन किया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में विषय के प्रति रुचि बढ़ाने, शैक्षणिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने और विभागीय गतिविधियों में उनकी भागीदारी मजबूत करना है।
अलीशा त्यागी ने हासिल किया पहला स्थान
सर्टिफिकेट कोर्स के अंतर्गत आयोजित बहुविकल्पीय परीक्षा में अलीशा त्यागी (एमएससी) ने प्रथम, नेहा मलिक (एमएससी) ने द्वितीय और कामिनी शर्मा (एमएससी) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में कोर्स कोऑर्डिनेटर प्रो. मंजू सिंह ने पाठ्यक्रम के सफल संचालन और समापन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी, कोर्स कोऑर्डिनेटर मिस काजल और मिस लाइबा सैफी सहित श्रीमती प्रियंका, श्री मनोज, विजय, रिया, भूमि, नेहा, पायल, ईशी और लक्ष्मी का धन्यवाद किया।


No comments:
Post a Comment