राशिद अखलाक की जनसभा में मुर्गा फ्राई के लिए मची लूट, खाने के स्टॉल पर भगदड़ जैसे हालात
समर गार्डन में खाने के लिए एक-दूसरे पर चढ़े लोग, जमकर हुई धक्का-मुक्की; घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
मेरठ। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटे पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राशिद अखलाक की जनसभा में उस समय अव्यवस्था फैल गई, जब खाने के स्टॉल पर मुर्गा फ्राई लेने के लिए लोगों में होड़ मच गई। रविवार देर रात समर गार्डन स्थित 25 फुटा रोड पर आयोजित जनसभा में फ्राई लेने की जल्दबाजी में लोग एक-दूसरे को धक्का देते नजर आए। कुछ लोग खाने के लिए एक-दूसरे के ऊपर चढ़ते दिखाई दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
स्टॉल पर भीड़ बढ़ी तो मची अफरा-तफरी
बताया गया कि जनसभा में शामिल होने वाले लोगों के लिए खाने की व्यवस्था की गई थी। इसी दौरान मुर्गा फ्राई के स्टॉल पर भीड़ जुट गई। अपनी बारी का इंतजार करने के बजाय लोग आगे बढ़कर फ्राई लेने की कोशिश करने लगे। देखते ही देखते वहां धक्का-मुक्की शुरू हो गई और अव्यवस्था का माहौल बन गया। वायरल वीडियो में लोग खाने के लिए आपाधापी करते दिखाई दे रहे हैं।
2027 के चुनाव को लेकर सक्रिय हैं राशिद अखलाक
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राशिद अखलाक आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मेरठ में सक्रिय हैं। वह मेरठ शहर और मेरठ दक्षिण विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी के लिए जनसभाएं कर रहे हैं। इसी क्रम में रविवार देर रात समर गार्डन क्षेत्र में जनसभा आयोजित की गई थी। हालांकि, राजनीतिक सभा के दौरान खाने के स्टॉल पर मची अफरा-तफरी अब चर्चा का विषय बनी हुई है।


No comments:
Post a Comment