मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड कस्टम अधिकारी की हत्या, घर के बाहर बरसाईं गोलियां
बेटे के साथ टहलने निकले थे रामकुमार सिंह, जमीनी विवाद में हत्या की आशंका; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
भोजपुर। बिहार के भोजपुर जिले में गुरुवार सुबह बेखौफ बदमाशों ने रिटायर्ड कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। वह अपने बेटे के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकल रहे थे, तभी घर के सामने घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
घर से निकलते ही किया हमला
घटना भोजपुर जिले के नवादा थाना क्षेत्र में जैन कॉलेज के पूर्वी गेट के पास हुई। रामकुमार सिंह अपने परिवार के साथ यहां स्थित निजी मकान में रहते थे। गुरुवार सुबह वह रोजाना की तरह अपने बेटे के साथ टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें निशाना बना लिया और कई गोलियां दागकर फरार हो गए।
जमीन विवाद में हत्या की आशंका
रामकुमार सिंह सेवानिवृत्त कस्टम अधिकारी होने के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करते थे। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि जमीन संबंधी विवाद के चलते उनकी हत्या की गई है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई हत्या से क्षेत्र में दहशत है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


No comments:
Post a Comment