जंतर मंतर प्रदर्शन: सौ से ज्यादा प्रदर्शनकारी हिरासत में
इंटरनेट सेवा और मेट्रो के 12 स्टेशन बंद
'इस्तीफा दो' के नारों से गूंजा सीपी, संसद मार्ग सुनसान
नई दिल्ली (एजेंसी)।चुनाव आयोग और एसआईआर को लेकर दिल्ली में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर यह प्रदर्शन किया जा रहा है। विरोध प्रदर्शन करने के लिए जंतर-मंतर पहुंचे आप नेता संजीव झा और सौरभ भारद्वाज को शुक्रवार को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से 50 से ज़्यादा प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया।
इस दौरान भारद्वाज ने कहा कि मैं बिना कार का इस्तेमाल किए जंतर-मंतर पहुंचा हूं। आप भी यहां पहुंच सकते हैं। मुझे यकीन है कि दोपहर तक बहुत सारे जेन-जी, महिलाएं और युवा चुनाव आयोग के खिलाफ़ आवाज़ उठाने के लिए जंतर-मंतर पहुंचेंगे। विरोध करना हमारा अधिकार है। पुलिस हमसे कह रही है कि हमें विरोध करने की इजाज़त नहीं दी गई है। छह दिन पहले, आप ने यहां शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के लिए आधिकारिक इजाज़त मांगी थी।
नई दिल्ली इलाके में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, जंतर-मंतर और उसके आसपास 8-9 ज़ोन बनाए गए हैं और हर ज़ोन में एक सीनियर आईपीएस अधिकारी को तैनात किया गया है। एक्टिविस्ट, राजनीतिक नेताओं और सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने 'स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न' के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त से जवाबदेही की मांग को लेकर प्रदर्शन का आह्वान किया है, जिसके चलते जंतर-मंतर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर, जय सिंह रोड, अशोक रोड, फिरोज शाह रोड और जनपथ रोड और इनके आस-पास सुरक्षा बढ़ा दी है। इन सड़कों पर ट्रैफ़िक प्रभावित हुआ है; इसके अलावा, दिल्ली पुलिस ड्रोन कैमरों से निगरानी कर रही है और सोशल मीडिया पर भी पुलिस नज़र रख रही है।
अगले आदेश तक मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन पर एंट्री और एग्जिट बंद है। नई दिल्ली ज़िले में बीएनएसएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है और सेंट्रल दिल्ली के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। यह कदम कार्यकर्ताओं, राजनीतिक नेताओं और सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों द्वारा 'स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न' के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त से जवाबदेही की मांग को लेकर किए गए विरोध प्रदर्शन के आह्वान के मद्देनजर उठाया गया है।
प्रदर्शन के शोर के बाद संसद मार्ग सड़क सुनसान हो गई है। जंतर मंतर जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग और पुलिस की नाकाबंदी सख्त कर दी गई है। हालांकि, सैकड़ों प्रदर्शनकारी अभी भी कनॉट प्लेस के अलग-अलग स्थानों पर 'इस्तीफा दो' जैसे नारों के साथ प्रदर्शन कर रहे हैं। जनपथ पर प्रदर्शनकारी अब भी मौजूद हैं और अपनी मांगों पर अड़े हैं।
सीईसी ज्ञानेश कुमार के विरोध में प्रदर्शन कर रहे आम आदमी पार्टी और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर के चारों तरफ बैरिकेडिंग की है। एक प्रदर्शनकारी ने कहा, "हम एक हिंदुस्तानी की आवाज बुलंद करने आए हैं। इस देश में सरकार चुनने वाली आम जनता है, सरकार खुद से नहीं बनती, तो हमारे वोट क्यों काटे जा रहे हैं?"
जंतर-मंतर पर वामपंथी छात्र संगठनों ने प्रदर्शन किया। जिसमें बड़ी संख्या में छात्र पहुंचे और नारेबाजी की। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारी छात्रों को हिरासत में लिया।


No comments:
Post a Comment