रालोद प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह का मेरठ में जोरदार स्वागत
सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं से किया संवाद, 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट होने का आह्वान; बोले—एनडीए की सरकार बनने जा रही है
मेरठ। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह का मेरठ में प्रथम आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जोरदार स्वागत किया। सोमवार को शोभापुर स्थित वरिष्ठ रालोद नेता संजय चौधरी रसूलपुर के कैंप कार्यालय पर स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संगठन की मजबूती, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में रालोद जिला अध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज, वरिष्ठ नेता संजय चौधरी रसूलपुर और सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और आपसी समन्वय के साथ काम करने का संकल्प जताया।
2027 के चुनाव के लिए एकजुट होने का आह्वान
इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं और पार्टी नेताओं से संवाद किया। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सभी से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में एनडीए की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने पार्टी को और मजबूत बनाने के लिए नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से सुझाव भी मांगे।
जेन-जी से भी किया संवाद
प्रदेश अध्यक्ष ने युवाओं, विशेषकर जेन-जी से भी बातचीत की। इस दौरान संगठन में युवाओं की भागीदारी, सामाजिक समन्वय और पार्टी को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी तालमेल के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने और क्षेत्र में भाईचारे का संदेश देने की अपील की।



No comments:
Post a Comment