सीवीएएसपीटीयू में सीएसटी स्टूडियो सुइट पर तकनीकी कार्यशाला आयोजित

34 विद्यार्थियों ने सीखी 3डी इलेक्ट्रोमैग्नेटिक मॉडलिंग और एंटीना डिजाइन की तकनीकें

मेरठ, 14 अक्टूबर। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी में बुधवार को ‘इंडस्ट्री-ओरिएंटेड एडवांस्ड टेक्नीक्स यूजिंग सीएसटी स्टूडियो सुइट’ विषय पर एक दिवसीय तकनीकी कार्यशाला आयोजित की गई। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त के मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यशाला विश्वविद्यालय के 150वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा रही।

कार्यशाला का शुभारंभ कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी के डीन डॉ. जयवीर सिंह, प्रसार निदेशक डॉ. सत्येंद्र कुमार और प्रशासन के सह निदेशक डॉ. पी.के. सिंह की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम का आयोजन कार्यक्रम निदेशक डॉ. चित्रा सिंह, आयोजन सचिव डॉ. विनीत चौहान तथा तकनीकी महाविद्यालय के अन्य सहायक प्राध्यापकों ने किया।

छह विभागों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

कार्यशाला में बीटेक के इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डेटा साइंस, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, मैकेनिकल इंजीनियरिंग और केमिकल इंजीनियरिंग विभागों के 34 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। डसॉल्ट सिस्टम्स की इंडस्ट्री पार्टनर कंपनी एडवांस्ड रियलिटी सॉल्यूशंस के वरिष्ठ एप्लीकेशन इंजीनियर प्रवीण कुमार ने सीएसटी स्टूडियो सुइट के तकनीकी अनुप्रयोगों की व्यावहारिक जानकारी दी।

डिजिटल मॉडलिंग से डिजाइन और परीक्षण की जानकारी

कार्यशाला में बताया गया कि सीएसटी स्टूडियो सुइट के माध्यम से विद्यार्थी इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड, तरंगों के प्रसार और एंटीना रेडिएशन पैटर्न को त्रि-आयामी (3डी) रूप में देख सकते हैं। इस तकनीक की मदद से महंगे भौतिक प्रोटोटाइप तैयार किए बिना ही डिजिटल डिजाइन, परीक्षण और ऑप्टिमाइजेशन किया जा सकता है।

विद्यार्थियों को 3डी इलेक्ट्रोमैग्नेटिक मॉडलिंग, एंटीना ऐरे ऑप्टिमाइजेशन, सिग्नल इंटीग्रिटी, पावर इंटीग्रिटी और इलेक्ट्रोमैग्नेटिक कंपैटिबिलिटी टेस्टिंग जैसी तकनीकों से भी परिचित कराया गया। ये कौशल आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स और तकनीकी उद्योगों में उपयोगी हैं।

स्मार्ट कृषि से लेकर 5जी-6जी तक उपयोग

कार्यशाला में प्रेसिजन एग्रीकल्चर में इस तकनीक की उपयोगिता पर भी चर्चा की गई। खेतों में जमीन के नीचे लगाए जाने वाले आईओटी मॉइश्चर सेंसर से डेटा संचार के दौरान गीली मिट्टी रेडियो सिग्नल को प्रभावित कर सकती है। सीएसटी के जरिए मिट्टी के विद्युत गुणों का मॉडल तैयार कर ऐसे एंटीना डिजाइन करने में मदद मिल सकती है, जो चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी संचार को बेहतर बनाएं।

विशेषज्ञ ने बताया कि यह तकनीक 5जी-6जी दूरसंचार, ऑटोमोटिव रडार, रक्षा तकनीक, चिकित्सा उपकरणों और स्मार्ट कृषि उपकरणों के क्षेत्र में उपयोगी है। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक तकनीकी कौशल से परिचित कराना और उनके लिए नए करियर अवसरों की जानकारी देना रहा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts