आतंकी फंडिंग केस:

यासीन मलिक के पेश न होने पर हाईकोर्ट सख्त
 जेल प्रशासन से मांगी रिपोर्ट
जम्मू (एजेंसी)।दिल्ली हाईकोर्ट ने आतंकी फंडिंग मामले में अलगाववादी नेता और जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) के प्रमुख यासीन मलिक के अदालत में पेश नहीं होने पर जेल प्रशासन से रिपोर्ट तलब की है। बुधवार को सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि मलिक को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यवाही में शामिल होना था लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अदालत ने संबंधित जेल अधीक्षक से इस संबंध में रिपोर्ट मांगी है।

न्यायमूर्ति नवीन चावला और न्यायमूर्ति अरुण भारद्वाज की पीठ ने मामले की अगली सुनवाई 9 दिसंबर को तय करते हुए निर्देश दिया कि उस दिन यासीन मलिक को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश किया जाए।

हाईकोर्ट राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की उस याचिका पर सुनवाई कर रहा है, जिसमें आतंकी फंडिंग मामले में मलिक की उम्रकैद की सजा को बढ़ाकर मृत्युदंड देने की मांग की गई है। मलिक फिलहाल तिहाड़ जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा है। उसने पहले अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश होकर एनआईए की याचिका का विरोध करने की इच्छा जताई थी।

जेल प्रशासन ने पहले अदालत से मलिक को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश करने की अनुमति मांगी थी। आवेदन में उसे बेहद उच्च जोखिम वाला कैदी बताते हुए सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के मद्देनजर अदालत में शारीरिक रूप से पेश करने से बचने की बात कही गई थी। हाईकोर्ट ने इस अनुरोध को मंजूरी दे दी थी।
गौरतलब है कि दिल्ली की एक विशेष अदालत ने 24 मई 2022 को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) और भारतीय दंड संहिता के तहत दोषी ठहराते हुए यासीन मलिक को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। मलिक ने आरोपों को स्वीकार कर लिया था। इसके बाद एनआईए ने सजा बढ़ाकर मृत्युदंड देने की मांग करते हुए हाईकोर्ट में अपील दायर की।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts