सीके नायडू ट्रॉफी: महाराष्ट्र का पलड़ा भारी, यूपी के छह विकेट गिरे

पहली पारी में महाराष्ट्र ने बनाए 372 रन, तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक यूपी 245 रन पर छह विकेट गंवा चुका; मानव सिंधू की 83 रन की पारी

मेरठ। भामाशाह पार्क क्रिकेट मैदान पर कर्नल सीके नायडू अंडर-23 ट्रॉफी के तहत उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच खेले जा रहे चार दिवसीय मुकाबले में महाराष्ट्र ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। पहली पारी में 372 रन बनाने वाली महाराष्ट्र की टीम के गेंदबाजों ने तीसरे दिन यूपी के बल्लेबाजों को लगातार झटके दिए। दिन का खेल समाप्त होने तक उत्तर प्रदेश ने छह विकेट के नुकसान पर 245 रन बना लिए थे। यूपी की टीम अभी महाराष्ट्र से 127 रन पीछे है।

स्वास्तिक और आदर्श जल्दी लौटे पवेलियन

तीसरे दिन महाराष्ट्र ने अपनी पहली पारी आगे बढ़ाते हुए 372 रन पर पारी घोषित कर दी। इसके जवाब में यूपी की ओर से स्वास्तिक चिकारा और आदर्श सिंह ने पारी की शुरुआत की। यूपी को दूसरे ओवर की पहली गेंद पर ही झटका लगा, जब स्वास्तिक 12 रन बनाकर पी. गावड़े की गेंद पर एएन काजी को कैच दे बैठे। उस समय टीम का स्कोर 16 रन था।

इसके बाद आदर्श सिंह का साथ देने आए काव्य तेवतिया भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। सातवें ओवर की अंतिम गेंद पर आदर्श तीन रन बनाकर रूसनिकेश की गेंद पर केएस चौमले को कैच थमा बैठे। शुरुआती विकेट गिरने के बाद यूपी की टीम दबाव में आ गई।

काव्य और मानव ने संभाली पारी

शुरुआती झटकों के बाद काव्य तेवतिया और मानव सिंधू ने पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों ने रन गति बढ़ाई और टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। हालांकि, 32.1 ओवर में काव्य 28 रन बनाकर केएस चौमले की गेंद पर एबी सबले को कैच दे बैठे।

इसके बाद मैदान पर उतरे समीर रिजवी से यूपी को बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह 38वें ओवर की दूसरी गेंद पर एसवाई चौहान की गेंद पर एनसी जोशी को कैच दे बैठे। उस समय यूपी का स्कोर चार विकेट पर 128 रन था।

मानव सिंधू ने बनाए 83 रन

मानव सिंधू ने एक छोर संभालते हुए आकर्षक शॉट लगाए और टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया। मोहम्मद अमान ने उनका साथ दिया और 23 रन बनाए, लेकिन 177 रन के स्कोर पर वह रन लेने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे।

इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज कार्तिकेय मैदान पर आए। अभी टीम के खाते में तीन रन ही जुड़े थे कि अच्छी बल्लेबाजी कर रहे मानव सिंधू 83 रन बनाकर रूकेश की गेंद पर एसयू प्रकाश को कैच दे बैठे। दिन का खेल समाप्त होने तक यूपी ने छह विकेट पर 245 रन बना लिए थे। कार्तिकेय क्रीज पर मौजूद थे।

चौथे दिन महाराष्ट्र की नजर बढ़त पर

महाराष्ट्र ने पहली पारी में 372 रन बनाए हैं। ऐसे में यूपी को पहली पारी में बढ़त हासिल करने के लिए अभी लंबा रास्ता तय करना होगा। चौथे दिन महाराष्ट्र के गेंदबाज जल्द से जल्द शेष विकेट निकालकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने की कोशिश करेंगे। वहीं यूपी के बल्लेबाजों के सामने पारी को संभालने और अंतर कम करने की चुनौती होगी।

पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों का एमडीसीए ने किया स्वागत

मुकाबले के दौरान मेरठ जिला क्रिकेट एसोसिएशन (एमडीसीए) की ओर से क्रिकेट और राजनीतिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों का स्वागत किया गया। इनमें पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर किशोर शर्मा और प्रवीण कुमार, पूर्व विधायक प्रशांत चौधरी और राजेंद्र शर्मा तथा भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष अनुराग चौधरी शामिल रहे।

एमडीसीए के उपाध्यक्ष उमेश कुमार, संयुक्त सचिव राहुल गुप्ता, आयोजन सचिव सुभाष चंद शर्मा और कोषाध्यक्ष राकेश गोयल ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान क्रिकेट और खेल गतिविधियों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts