शराब तस्करों की गोली से सिपाही की मौत, हाईवे पर ताबड़तोड़ फायरिंग

पटना से आई एक्साइज इंटेलिजेंस टीम कर रही थी शराब लदी पिकअप का पीछा, लाइनर ने चलाई गोली; वारदात के बाद आरोपी फरार

नालंदा। बिहार के नालंदा में शराब तस्करों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। शराब से लदी पिकअप वैन को पकड़ने के लिए पीछा कर रही उत्पाद विभाग की टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। इस दौरान गोली लगने से सिपाही अजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले पावापुरी स्थित अस्पताल और फिर पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस और उत्पाद विभाग की टीमों ने हमलावरों की तलाश तेज कर दी है।

गुप्त सूचना पर शुरू हुआ पीछा

उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी के मुताबिक, पटना मुख्यालय की एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो (ईआईबी) को सूचना मिली थी कि शराब की बड़ी खेप पिकअप वैन से नालंदा पहुंची है। इसके बाद पटना से आई ईआईबी टीम ने राजगीर उत्पाद विभाग के सब-इंस्पेक्टर और स्थानीय टीम के साथ मिलकर वाहन को पकड़ने के लिए घेराबंदी शुरू की। पिकअप खराट मोड़ के रास्ते नालंदा की ओर बढ़ रही थी।

फ्लाईओवर के पास अचानक चलाई गोली

पावापुरी-सिलाव क्षेत्र में हाईवे पर फ्लाईओवर के पास टीम ने शराब से लदी पिकअप को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान तस्करों के लिए रेकी कर रहे कथित लाइनर ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। गोली सिपाही अजीत कुमार को लगी और वह मौके पर गिर पड़े। फायरिंग के बाद मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी पिकअप वैन समेत फरार हो गए।

पावापुरी से पटना किया गया रेफर

घटना के तुरंत बाद साथी पुलिसकर्मी घायल सिपाही को पावापुरी स्थित भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम पटना में कराया जा रहा है।

नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश

उत्पाद थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि कार्रवाई पटना से आई विशेष ईआईबी टीम के नेतृत्व में की जा रही थी। घटना के बाद उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं। हाईवे और आसपास के रास्तों पर नाकेबंदी की गई है। पुलिस शराब की खेप, पिकअप वैन और हमले में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts