बिना नंबर की स्कॉर्पियो में छिपाए थे 1.29 करोड़ रुपये, तीन गिरफ्तार
गुप्त बॉक्स से निकली नोटों की गड्डियां, नशा तस्करी से जुड़े होने की आशंका; आयकर विभाग को दी सूचना
मंदसौर/गरोठ। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में पुलिस ने बिना नंबर की स्कॉर्पियो से 1 करोड़ 29 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। रकम को गाड़ी में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त खानों में छिपाकर रखा गया था। तीन थानों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी दो लोग शामिल हैं। पुलिस रकम के स्रोत और इसे कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जांच कर रही है। नकदी के नशे के अवैध कारोबार से जुड़े होने की आशंका भी जताई जा रही है।
सरपंच के घर पहुंचने की मिली थी सूचना
पुलिस के मुताबिक, शामगढ़ थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बरखेड़ा उदा गांव के सरपंच भवानी शंकर मीणा के घर दो संदिग्ध व्यक्ति पहुंचे हैं। उनके पास मौजूद स्कॉर्पियो में अवैध नकदी होने की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर शामगढ़, सुवासरा और भानपुरा थानों की संयुक्त टीम ने सरपंच के घर की घेराबंदी की और भवानी शंकर मीणा (49), मोहम्मद इस्लाम (47) तथा सूर्य प्रकाश गंगवार (59) को हिरासत में लिया।
गोलमोल जवाब देने पर गाड़ी की तलाशी
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद इस्लाम और सूर्य प्रकाश गंगवार उत्तर प्रदेश के बरेली के रहने वाले हैं। मध्य प्रदेश आने की वजह पूछने पर दोनों संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस स्कॉर्पियो को शामगढ़ थाने ले आई। वहां मैकेनिक की मदद से गाड़ी की बारीकी से जांच कराई गई। जांच के दौरान वाहन में बनाए गए गुप्त खानों से 1 करोड़ 29 लाख रुपये नकद बरामद हुए। रकम में 500 और 200 रुपये के नोट शामिल थे।
रकम के स्रोत की जांच, आयकर विभाग को सूचना
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। अब जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी रकम किसकी है, कहां से लाई गई थी और इसे किस जगह पहुंचाया जाना था। पुलिस अवैध नशे के कारोबार से संभावित संबंधों की भी पड़ताल कर रही है। बरामद नकदी के संबंध में आयकर विभाग को सूचना दे दी गई है।


No comments:
Post a Comment